मुख्यमंत्री की घोषणाओं के क्रम में जिलाधिकारी ने किया कांगुड़ा नागराजा मंदिर का निरीक्षण

टिहरी गढ़वाल, 21 अगस्त 2025। जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल ने गुरुवार को विकासखंड थौलधार के इंडियान गांव स्थित प्रसिद्ध सिद्धपीठ कांगुड़ा (काल्गुडा) नागराजा मंदिर का स्थलीय निरीक्षण किया। यह निरीक्षण मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणाओं के क्रम में संचालित निर्माण कार्यों की प्रगति को परखने हेतु किया गया।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के जनसंपर्क अधिकारी मुलायम सिंह रावत ने मंदिर परिसर में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की जानकारी जिलाधिकारी को दी। इस मौके पर मंदिर समिति के सदस्यों ने पेयजल सुविधा की मांग उठाई, जिस पर जिलाधिकारी ने जल संस्थान को शीघ्र आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था ग्रामीण निर्माण विभाग को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य सुनील जुयाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य सुमित्रा देवी, ग्राम प्रधान ज्ञान सिंह, पूर्व प्रधान राजेंद्र कोहली, एवं ग्रामवासी कुलवीर सिंह नेगी, विनोद रावत, महावीर सिनवाल और मनोज पडियार सहित स्थानीय लोग मौजूद रहे।



