चारधाम यात्रा: 22 दिनों में 4 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए यमनोत्री गंगोत्री धाम के दर्शन

Garhninad Desk
2 Min Read
खबर को सुनें

उत्तरकाशी 21 मई 2025 । उत्तराखंड की प्रतिष्ठित चारधाम यात्रा अपने पूरे वैभव, श्रद्धा और सुव्यवस्था के साथ निरंतर गतिमान है। महज 22 दिनों में यमुनोत्री और गंगोत्री धाम में कुल 4 लाख 7 हजार 108 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं, जो इस यात्रा की लोकप्रियता और प्रशासनिक व्यवस्था की सफलता को दर्शाता है।

यमुनोत्री धाम में आज 10,320 तीर्थ यात्रियों ने माँ यमुना के दर्शन किए। अब तक यहाँ 1,09,992 पुरुष, 94,428 महिलाएं और 6,488 बच्चे, कुल मिलाकर 2,10,908 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु 16,457 वाहनों के माध्यम से जानकीचट्टी तक पहुंच की व्यवस्था की गई, वहीं जानकीचट्टी से यमुनोत्री धाम तक बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए 16,188 घोड़े-खच्चर, 15,233 डंडी, और 6,524 कंडी की सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।

गंगोत्री धाम में आज 9,812 तीर्थ यात्रियों ने माँ गंगा के दर्शन किए। अब तक यहाँ 1,05,151 पुरुष, 86,088 महिलाएं और 4,961 बच्चे, कुल मिलाकर 1,96,200 श्रद्धालु पहुँच चुके हैं। इन 22 दिनों में 18,549 वाहनों से श्रद्धालु गंगोत्री पहुंचे।

प्रशासन की ओर से यात्रा को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए व्यापक तैयारियाँ की गई हैं, जिससे हर आयु वर्ग के श्रद्धालुओं को सुविधा और सुरक्षा प्रदान की जा सके। लगातार बढ़ती संख्या यात्रा की लोकप्रियता के साथ-साथ राज्य सरकार की मजबूत व्यवस्थागत पहल का भी प्रमाण है।

Share This Article
error: Content is protected !!