केदारनाथ यात्रा मार्ग पर हेलीकॉप्टर हादसा टला, सड़क पर कराई गई आपात लैंडिंग

Garhninad Desk
1 Min Read
खबर को सुनें

देहरादून। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर एक बार फिर हेलीकॉप्टर से जुड़ी दुर्घटना की आशंका सामने आई, लेकिन पायलट की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। सिरसी हेलीपैड से उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद क्रिस्टल एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का एक हेलीकॉप्टर तकनीकी खराबी का शिकार हो गया।

जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर यात्रियों को लेकर सिरसी से रवाना हुआ था, तभी पायलट को तकनीकी गड़बड़ी का अंदेशा हुआ। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए पायलट ने सतर्कता दिखाते हुए हेलीपैड के समीप ही सड़क पर आपात लैंडिंग कर दी। राहत की बात यह रही कि इस घटना में सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की खबर नहीं है।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और हवाई सेवा कंपनी ने जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस हादसे ने एक बार फिर केदारनाथ यात्रा मार्ग पर हेलीकॉप्टर सेवाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि यह कोई पहला मामला नहीं है जब तकनीकी खराबी के चलते यात्रियों की जान जोखिम में पड़ी हो।

Share This Article
error: Content is protected !!