टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड, टिहरी में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 77वाँ गणतंत्र दिवस

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल। टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड, टिहरी में 77वाँ गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक (टिहरी कॉम्प्लेक्स) श्री एम.के. सिंह द्वारा सीआईएसएफ मैदान में ध्वजारोहण किया गया तथा सीआईएसएफ के जवानों की परेड की सलामी ली गई।
टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक श्री सिपन कुमार गर्ग ने कॉर्पोरेट कार्यालय, ऋषिकेश से लाइव टेलिकास्ट के माध्यम से कार्मिकों एवं उनके परिवारजनों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।
मुख्य महाप्रबंधक श्री एम.के. सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि गणतंत्र दिवस विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र, हमारे संविधान और देश की एकता का प्रतीक है। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को स्मरण करते हुए बताया कि 26 जनवरी 1950 को संविधान लागू होने के साथ भारत एक स्वाधीन गणतंत्र बना।
उन्होंने टिहरी एवं कोटेश्वर परियोजनाओं की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि टिहरी बांध परियोजना के द्वितीय चरण के अंतर्गत 1000 मेगावाट क्षमता की पंप स्टोरेज परियोजना से विद्युत उत्पादन किया जा रहा है। शेष एक यूनिट का वाणिज्यिक संचालन शीघ्र प्रारंभ होगा, जिससे 2400 मेगावाट टिहरी पावर कॉम्प्लेक्स का लक्ष्य पूर्ण होगा। वर्तमान में टिहरी कॉम्प्लेक्स से 2150 मेगावाट विद्युत उत्पादन हो रहा है।
इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के बच्चों द्वारा देशभक्ति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए तथा सीआईएसएफ द्वारा अग्निशमन डेमो का प्रदर्शन किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं मार्च पास्ट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम में महाप्रबंधक श्री विजय सहगल, श्री एस.के. शाहू, श्री ए.के. बाजपेई, श्री मोहन सिंह श्रीस्वाल सहित सीआईएसएफ के वरिष्ठ अधिकारी, टीएचडीसीआईएल के अधिकारी-कर्मचारी, उनके परिवारजन एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!