देवप्रयाग महाविद्यालय की वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता संपन्न, बैडमिंटन व कैरम में विद्यार्थियों ने दिखाया दमखम

टिहरी गढ़वाल 27 फरवरी । आज ओंकारानंद सरस्वती राजकीय महाविद्यालय देवप्रयाग, टिहरी गढ़वाल की क्रीड़ा समिति के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिताओं के द्वितीय दिवस पर बैडमिंटन एवं कैरम प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कैरम प्रतियोगिता का आयोजन डॉ. अमित कुमार के नेतृत्व में संपन्न हुआ, जबकि बैडमिंटन प्रतियोगिता का संचालन डॉ. सुबोध कुमार के निर्देशन में किया गया। दोनों प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला।
बैडमिंटन प्रतियोगिता में तुषार ने प्रथम, ऋषभ ने द्वितीय तथा आयुष ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं कैरम प्रतियोगिता में आयुष ने प्रथम स्थान हासिल कर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की। आर्यनदीप द्वितीय एवं नमित तृतीय स्थान पर रहे।
परिणामों की घोषणा के पश्चात क्रीड़ा प्रभारी डॉ. आदिल कुरैशी ने सभी प्राध्यापकों, आयोजन समिति के सदस्यों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रतिभागियों के उत्साह और अनुशासन की सराहना करते हुए प्रतियोगिताओं की औपचारिक समाप्ति की घोषणा की।



