सरकार की नीतियों के खिलाफ 16 फरवरी को राजभवन घेराव, रणनीति को लेकर कांग्रेस की हरबर्टपुर में अहम बैठक

देहरादून/हरबर्टपुर। प्रदेश सरकार की विफल नीतियों, व्यापक स्तर पर व्याप्त भ्रष्टाचार और जनविरोधी निर्णयों के विरोध में आगामी 16 फरवरी को प्रस्तावित राजभवन घेराव कार्यक्रम को सफल बनाने के उद्देश्य से हरबर्टपुर स्थित वेडिंग पॉइंट में कांग्रेस की एक महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उत्तराखंड कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत, चुनाव अभियान समिति के चेयरमैन एवं कार्यक्रम संयोजक विधायक श्री प्रीतम सिंह सहित वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक में आंदोलन की रूपरेखा, जनभागीदारी बढ़ाने तथा संगठनात्मक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री नवप्रभात, जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष श्री चमन सिंह, कांग्रेस नेता श्री आयरेन्द्र शर्मा, पछवादून जिला अध्यक्ष श्री संजय किशोर सहित कांग्रेस के सभी फ्रंटल संगठनों, विभिन्न प्रकोष्ठों तथा पंचायत स्तर के वर्तमान व पूर्व जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
नेताओं ने कहा कि प्रदेश की जनता सरकार की नीतियों से त्रस्त है और जनहित की अनदेखी के खिलाफ कांग्रेस सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी। 16 फरवरी को होने वाला राजभवन घेराव इसी जनआक्रोश की अभिव्यक्ति होगा।



