टिहरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: एनडीपीएस वारंटी गिरफ्तार, 21 लाख की साइबर ठगी का खुलासा

टिहरी गढ़वाल। 05 फरवरी 2026 । जनपद टिहरी गढ़वाल पुलिस ने अपराध नियंत्रण अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल के निर्देश पर एक ओर जहां एनडीपीएस एक्ट के वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया, वहीं 21 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में राजस्थान से दो शातिर अभियुक्तों को दबोचा गया है।
गैर-जमानती वारंटों की तामील अभियान के क्रम में थाना मुनिकीरेती पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/60 में वांछित अभियुक्त साहिल नाथ (28 वर्ष) पुत्र स्व. हरीश नाथ, निवासी पशुलोक विस्थापित क्षेत्र, ऋषिकेश को उसके निवास स्थान से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।
वहीं वर्ष 2025 में टिहरी निवासी से लॉटरी के नाम पर करीब ₹21 लाख की साइबर ठगी के मामले में साइबर सेल एवं कोतवाली टिहरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक वर्ष से फरार चल रहे दो अभियुक्तों को राजस्थान से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सुनील महावर निवासी दौसा एवं पंकज निवासी भरतपुर, राजस्थान के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त लगातार ठिकाने बदल रहे थे, लेकिन तकनीकी विश्लेषण, सतत निगरानी एवं मुखबिर तंत्र की मदद से उन्हें अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया गया। प्रकरण में अन्य संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में विवेचना जारी है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में नशा तस्करी एवं साइबर अपराधों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।



