आईसीएफआरई के वरिष्ठतम सेवानिवृत्त वैज्ञानिकों का भव्य सम्मान, 80 वर्ष पूर्ण करने वाले 23 कर्मियों को किया गया अभिनंदन

देहरादून। भारतीय वानिकी अनुसंधान एवं शिक्षा परिषद (आईसीएफआरई) की पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा 28 फरवरी 2026 को साइंटिस्ट हॉस्टल, एफआरआई में एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आईसीएफआरई तथा इसके संबद्ध संस्थानों के उन वरिष्ठतम सेवानिवृत्त वैज्ञानिकों एवं कार्मिकों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने 31 दिसंबर 2025 तक 80 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली है।
समारोह में वर्ष 1935 से 1945 के मध्य जन्मे कुल 23 वरिष्ठ वैज्ञानिकों एवं कर्मचारियों को शॉल, प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में श्री एम.एल. ठाकुर, श्री एस.एस. राजपूत, हरबक्श सिंह, के.एस. शुक्ला, एम.के. भट्टाचार्य, एम.एन. झा, पी.एल. सोनी सहित अन्य गणमान्य सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता आईसीएफआरई पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों—डॉ. एन.एस.के. हर्ष, डॉ. ओमबीर सिंह, डॉ. एस.पी. सिंह तथा वाई.एस. नेगी—ने संयुक्त रूप से की। इस अवसर पर वक्ताओं ने वरिष्ठ वैज्ञानिकों के दीर्घकालीन योगदान, समर्पण और संस्थान के विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को याद करते हुए कहा कि इनका अनुभव और मार्गदर्शन नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।
समारोह के दौरान भावनात्मक क्षण भी देखने को मिले, जब सम्मानित अतिथियों ने अपने सेवाकाल के अनुभव साझा किए और संस्थान की प्रगति पर प्रसन्नता व्यक्त की। आयोजन ने वरिष्ठजनों के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने के साथ-साथ संस्थागत परंपराओं और पारिवारिक भावना को भी सुदृढ़ किया।



