डिप्लोमा इंजीनियर्स की हड़ताल चौथे दिन भी जारी, निर्माण कार्य प्रभावित

टिहरी गढ़वाल 27 मार्च 2026। उत्तराखण्ड डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुक्रवार को चौथे दिन भी जारी रही। हड़ताल के चलते आवश्यक सेवाओं को छोड़कर अधिकांश निर्माण कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
टिहरी शाखा के डिप्लोमा इंजीनियर्स ने लोक निर्माण विभाग (निरीक्षण भवन) के सामने धरना-प्रदर्शन कर सरकार के प्रति नाराजगी व्यक्त की। महासंघ के पदाधिकारियों का कहना है कि उनकी 27 सूत्रीय मांगें लंबे समय से शासन स्तर पर लंबित हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिसके चलते उन्हें आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ा।
शाखा अध्यक्ष इंजीनियर जय प्रकाश भट्ट की अध्यक्षता और इंजीनियर नीतू चौहान के संचालन में हुए इस प्रदर्शन में विभिन्न तकनीकी विभागों के इंजीनियर्स शामिल रहे। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से जल्द मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की।
महासंघ ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं निकला तो 1 अप्रैल 2026 से आवश्यक सेवाओं से जुड़े विभागों के इंजीनियर्स भी हड़ताल में शामिल हो सकते हैं, जिससे पेयजल, सिंचाई और अन्य जरूरी सेवाएं भी प्रभावित हो सकती हैं।
महासंघ की प्रमुख मांगों में कनिष्ठ अभियंताओं की वेतन विसंगति दूर करना, पदोन्नत वेतनमान, पुरानी पेंशन व्यवस्था की बहाली और विभागीय ढांचे में सुधार शामिल हैं।



