उत्तराखंडविविध न्यूज़शासन-प्रशासन

डीएम ने जनता दरबार में सुनी जनसमस्याएं, समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश

Please click to share News

खबर को सुनें

पेयजल, मुआवजा, अवैध कब्जा व बिल संबंधी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश

टिहरी गढ़वाल 02 मार्च, 2026 । सोमवार को जिला सभागार, नई टिहरी में जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में आयोजित जनता दरबार कार्यक्रम में जनपदवासियों की समस्याओं एवं शिकायतों को सुना गया। इस अवसर पर कुल 29 आवेदन पत्र प्राप्त हुए, जो पेयजल, ग्राम पंचायत, विद्युत, वन विभाग सहित अन्य विभागों से संबंधित रहे।

कार्यक्रम के दौरान सीएम हेल्पलाइन एवं जन समर्पण पोर्टल पर दर्ज लंबित शिकायतों की समीक्षा भी की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का समयान्तर्गत निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा जिन प्रकरणों का समाधान हो चुका है, उन्हें तत्काल पोर्टल पर अपडेट किया जाए।

विकास खण्ड प्रतापनगर के ग्राम ल्वारखा निवासी प्रेम लाल द्वारा लम्बगांव–पनियाला– बिजपुर–पुजारगांव– डोडग–थापला मोटर मार्ग निर्माण में अधिग्रहित खेतों का मुआवजा दिलाए जाने की मांग की गई। इस पर जिलाधिकारी ने ईई लोनिवि को जांच कर आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। विकास खण्ड जौनपुर के प्रधान लामकाण्डे दिनेश सिंह रावत द्वारा लामकाण्डे से हटवाल गांव जाने वाली नहर की सुरक्षा दीवार निर्माण तथा प्राथमिक विद्यालय लामकाण्डे, सकलाना की मरम्मत कराए जाने की मांग पर संबंधित विभागों को नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।

विकास खण्ड भिलंगना की ग्राम भेटी निवासी शीतल देवी द्वारा उनकी माताजी की सहकारी समिति में जमा धनराशि दिलाए जाने की मांग पर सहायक निबंधक, सहकारिता को नियमानुसार समयबद्ध कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। व्यापार मंडल अध्यक्ष जाखणीधार गुरु प्रसाद लसियाल द्वारा अवगत कराया गया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत हेलमेट गांव एवं बाजार जाखणीधार हेतु 40,000 लीटर क्षमता का पेयजल टैंक उनके द्वारा निर्मित किया गया है, जिसका भुगतान अभी तक लंबित है। इस पर जल संस्थान को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए।

विकास खण्ड जाखणीधार की ग्राम पंचायत खोला के प्रधान बिरेन्द्र लाल द्वारा अवगत कराया गया कि ग्राम सभा के पैतृक जल स्रोत से जल जीवन मिशन के तहत पानी उपलब्ध कराए जाने के उपरांत अत्यधिक बिल वसूला जा रहा है। इस पर ईई जल संस्थान को जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। ग्राम कखील, विकास खण्ड नरेंद्रनगर निवासी संगीता देवी द्वारा राशन कार्ड एवं जॉब कार्ड बनाए जाने की मांग, ग्राम तल्ली बागी बीपुरम निवासी मौ. आरिफ द्वारा आवास के समीप रिक्त भूमि पर अवैध कब्जा हटाए जाने की मांग, तथा ग्राम पंचायत कंडियाल गांव प्रतापनगर के निवासियों द्वारा आपदा से क्षतिग्रस्त नहरों की मरम्मत कराए जाने संबंधी प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए। इन सभी मामलों में संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जनता दरबार में सीडीओ वरुणा अग्रवाल, एसडीएम टिहरी स्नेहिल कुंवर, सीएमओ डॉ. श्याम विजय, डीडीओ मो. असलम सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


Please click to share News

Govind Pundir

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!