देवप्रयाग में एनएसएस का सात दिवसीय विशेष शिविर शुरू, छात्रों को राष्ट्र सेवा का संदेश

टिहरी गढ़वाल। ओंकारानंद सरस्वती राजकीय महाविद्यालय, देवप्रयाग (टिहरी गढ़वाल) की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के तत्वाधान में बुधवार को सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारम्भ हुआ। शिविर का उद्घाटन उच्च प्राथमिक विद्यालय मुनेठ, देवप्रयाग में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. नर्वदेश्वर शुक्ल की अध्यक्षता में किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्र पंचायत प्रतिनिधि एवं पूर्व ग्राम प्रधान तुनगी अरविंद जियाल उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में ग्राम प्रधान मुनेठ नरेश मिश्रा और उच्च प्राथमिक विद्यालय मुनेठ के प्रधानाचार्य मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के समन्वयक डॉ. ओमप्रकाश ने किया।
मुख्य अतिथि अरविंद जियाल ने अपने संबोधन में स्वयंसेवकों से समाज और राष्ट्र के साथ सक्रिय रूप से जुड़ने का आह्वान किया। वहीं विशिष्ट अतिथि नरेश मिश्रा ने छात्रों को राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. नर्वदेश्वर शुक्ल ने राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए स्वयंसेवकों को अनुशासन, सेवा भावना और सामाजिक उत्तरदायित्व को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि एनएसएस युवाओं को समाज के प्रति संवेदनशील बनाकर उन्हें आदर्श नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करता है।
इस अवसर पर डॉ. एम.एन. नौडियाल, डॉ. लीना पुण्डीर, डॉ. इलियास, डॉ. संजीव कुमार, सुश्री सपना देवी, श्रीमती मनीषा राणा, श्री सूरज, श्री नरेन्द्र सहित कई शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित रहे। साथ ही पूर्व छात्र संघ सदस्य और स्वयंसेवक आर्यन, तुषार, स्नेहा, इकरा, ऋषि, ईशा नेगी और अभिनव समेत सभी शिविरार्थियों ने कार्यक्रम में भाग लिया।
कार्यक्रम के बाद सूक्ष्म जलपान के पश्चात आगामी कार्यदिवस की तैयारियों पर चर्चा की गई। स्वयंसेवकों का परिचय प्राप्त कर उन्हें पाँच समूहों में विभाजित किया गया और शिविर के उद्देश्य व नियमों की जानकारी दी गई। सायंकाल स्वयंसेवकों ने गांव क्षेत्र का सर्वेक्षण कर स्थानीय समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी जुटाई।
यह सात दिवसीय शिविर ग्रामीण क्षेत्र में स्वच्छता, जागरूकता और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।



