टिहरी में एलपीजी की कोई कमी नहीं, घबराने की जरूरत नहीं: डीएम टिहरी

टिहरी गढ़वाल, 13 मार्च। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने जनपद के एलपीजी उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा है कि जिले में घरेलू गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। इसलिए उपभोक्ताओं को घबराने या अनावश्यक रूप से गैस सिलेंडर एकत्र करने की आवश्यकता नहीं है।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद को निर्धारित कोटे के अनुसार नियमित रूप से गैस सिलेंडर मिल रहे हैं। नई गाइडलाइन के अनुसार अब गैस सिलेंडर की बुकिंग पहले की तरह 21 दिन के बजाय 25 दिन बाद ही की जा सकेगी। उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से इस नई व्यवस्था का पालन करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि यदि किसी उपभोक्ता को ऑनलाइन बुकिंग में किसी प्रकार की दिक्कत आती है तो वह संबंधित गैस एजेंसी में जाकर ऑफलाइन बुकिंग भी करा सकता है। बुकिंग के बाद संबंधित एजेंसी द्वारा उपभोक्ताओं को उनके गांव या बाजार में, जहां पहले से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाता रहा है, वहीं पर सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक उपभोक्ता को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है और इसके लिए लगातार निगरानी की जा रही है।
इस संबंध में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी स्नेहिल कुंवर तथा जिला पूर्ति अधिकारी मनोज कुमार डोभाल को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए, ताकि जनपद में एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित होती रहे और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।



