चारधाम यात्रा से पहले परिवहन विभाग सख्त, 43 चालान और 92 वाहन सीज

टिहरी गढ़वाल, 01 अप्रैल 2026। चारधाम यात्रा की तैयारियों के मद्देनज़र जनपद में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त हो गया है। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल के निर्देशों के अनुपालन में परिवहन विभाग द्वारा दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु विभिन्न क्षेत्रों में सघन प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है।
एआरटीओ सत्येंद्र राज ने जानकारी देते हुए बताया कि बुधवार को कुठा-बीपुरम क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान मोटर व्हीकल अधिनियम के तहत कुल 43 वाहनों का चालान किया गया, जबकि 92 वाहनों को सीज करने की कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान एक स्कूटी चालक को शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया। संबंधित चालक को टिहरी पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया और वाहन को मौके पर ही बंद करा दिया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है, और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें।



