QR कोड से घर बैठे दर्ज होंगी शिकायतें, नगर पालिका की नई डिजिटल पहल

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

चंपावत। लोहाघाट नगर पालिका परिषद ने नागरिक सेवाओं को अधिक सुगम, पारदर्शी और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए QR कोड आधारित शिकायत पंजीकरण प्रणाली शुरू की है। अब नगर क्षेत्र के नागरिक अपनी समस्याएं घर बैठे ही मोबाइल फोन के माध्यम से दर्ज करा सकेंगे।

इस नई व्यवस्था का औपचारिक शुभारंभ नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष गोविंद वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान किया गया। बैठक में नगर क्षेत्र को स्मार्ट, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए तकनीक आधारित समाधान अपनाने पर विशेष जोर दिया गया। QR कोड आधारित इस प्रणाली के लागू होने के बाद नागरिकों को शिकायत दर्ज कराने के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। वे सार्वजनिक स्थलों पर लगाए गए QR कोड को स्कैन कर सीधे अपनी शिकायत या सुझाव ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। दर्ज शिकायत संबंधित विभाग तक तुरंत पहुंचाई जाएगी और उसके निस्तारण की प्रगति की जानकारी शिकायतकर्ता को SMS अथवा कॉल के माध्यम से दी जाएगी।

इस पहल से शिकायत निस्तारण प्रक्रिया में तेजी आने के साथ-साथ पारदर्शिता और जवाबदेही भी सुनिश्चित होगी। साथ ही यह व्यवस्था नागरिकों और नगर पालिका के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने में सहायक सिद्ध होगी।

अधिशासी अधिकारी सौरभ नेगी सहित समस्त सभासदों ने नगरवासियों से अपील की है कि वे इस डिजिटल सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करें और लोहाघाट को स्वच्छ, सुंदर एवं स्मार्ट नगर बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाएं।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!