बौराड़ी और चंबा चिकित्सालयों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को परखा, आयुष उपचार के व्यापक प्रचार-प्रसार के दिए निर्देश
टिहरी गढ़वाल, 30 मई। राजस्व परिषद आयुक्त एवं सचिव तथा सचिव, आयुष एवं आयुष शिक्षा, उत्तराखण्ड शासन रंजना राजगुरु ने शनिवार को जनपद टिहरी गढ़वाल के आयुष एवं होम्योपैथी चिकित्सालयों का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, उपचार व्यवस्थाओं और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने चिकित्सकों और कर्मचारियों की कार्यशैली की सराहना करते हुए उन्हें पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने निर्देश दिए कि आयुष चिकित्सा पद्धति से लाभान्वित मरीजों के अनुभवों और उपचार की सफलताओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, जिससे अधिक से अधिक लोग इन स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा सकें।
पंचकर्म एवं योग सुविधाओं का किया अवलोकन
मुख्यालय टिहरी के बौराड़ी स्थित जिला चिकित्सालय परिसर में संचालित आयुष चिकित्सालय के निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने योग कक्ष एवं पंचकर्म चिकित्सा कक्ष का अवलोकन किया तथा मरीजों से सीधे संवाद कर सुविधाओं की जानकारी ली। मरीजों ने उपलब्ध उपचार सुविधाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए पंचकर्म सेवाओं के और विस्तार की मांग रखी, ताकि उन्हें उपचार के लिए देहरादून का रुख न करना पड़े।
वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. सिद्धि मिश्रा ने पंचकर्म चिकित्सा के अंतर्गत संचालित जलौका चिकित्सा, कटि वस्ति, जानु वस्ति, शिरोधारा, मर्म चिकित्सा, क्षारसूत्र चिकित्सा, सर्वांग स्वेदन, नाड़ी स्वेद, धारा चिकित्सा तथा आश्योतन चिकित्सा सहित विभिन्न उपचार पद्धतियों की जानकारी दी। आवश्यक उपकरणों एवं संसाधनों की उपलब्धता के संबंध में जानकारी लेने के बाद आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, एसडीएम कमलेश मेहता, डॉ. कर्णपाल सिंह, डॉ. विनोद रावत, डॉ. सत्यवीर रावत, पंचकर्म सहायक विकास प्रसाद एवं रजनी सेमवाल उपस्थित रहे।
चंबा आयुर्वेदिक चिकित्सालय में व्यवस्थाओं का लिया जायजा
इसके बाद आयुक्त ने चंबा स्थित राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय का निरीक्षण किया। उन्होंने औषधियों की उपलब्धता, स्टॉक रजिस्टर तथा पंचकर्म चिकित्सा व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और मरीजों से उपचार संबंधी अनुभव साझा किए। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. विषा भूषण, डॉ. संदीप कटियार, डॉ. प्रेषिका उनियाल एवं फार्मासिस्ट अरविंद सेमवाल मौजूद रहे।
होम्योपैथी डिस्पेंसरियों का भी किया निरीक्षण
आयुक्त ने जिला चिकित्सालय बौराड़ी स्थित आयुष विंग में संचालित स्टेट होम्योपैथिक डिस्पेंसरी का निरीक्षण कर स्किन सेंटर का अवलोकन किया, जहां त्वचा रोगों का उपचार किया जाता है। इसके बाद उन्होंने चंबा ब्लॉक रोड स्थित राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित होम्योपैथिक डिस्पेंसरी का भी निरीक्षण किया और औषधि वितरण व्यवस्था सहित अन्य सेवाओं की जानकारी प्राप्त की।
डॉ. बेला शाह ने चिकित्सालय की कार्यप्रणाली और उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान डॉ. शैलेन्द्र प्रसाद, डॉ. नेहा सकलानी, फार्मासिस्ट बबीता गुसाईं एवं प्रमोद कुमार भी उपस्थित रहे।
आयुक्त रंजना राजगुरु ने कहा कि आयुष एवं होम्योपैथी चिकित्सा पद्धतियां जनसामान्य के लिए प्रभावी और सुलभ उपचार का माध्यम हैं। इन सेवाओं की गुणवत्ता और पहुंच बढ़ाने के लिए विभाग निरंतर प्रयासरत है।




