ऋषिकेश/मुनिकीरेती, 9 जून 2026। मुनिकीरेती जल पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सतर्कता से गंगा नदी में एक संभावित बड़ा हादसा टल गया। गंगा की बीच धारा में फंसे हरियाणा के चार युवकों को जल पुलिस ने मोटर बोट के माध्यम से सकुशल रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार हरियाणा के हिसार जनपद निवासी चार युवक थाना लक्ष्मणझूला क्षेत्र स्थित स्वर्गाश्रम घाट पर स्नान करने पहुंचे थे। स्नान के दौरान उन्होंने तैरकर गंगा नदी पार करने का प्रयास किया, लेकिन नदी के मध्य पहुंचते ही तेज बहाव और थकान के कारण आगे बढ़ने में असमर्थ हो गए। खुद को संकट में फंसा देखकर युवकों ने सहायता के लिए आवाज लगाई।
सूचना मिलते ही मुनिकीरेती जल पुलिस ने बिना समय गंवाए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। जल पुलिस की टीम मोटर बोट लेकर मौके पर पहुंची और सभी युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पुलिस की तत्परता से चारों युवकों की जान बच गई और एक संभावित दुर्घटना टल गई।
रेस्क्यू किए गए युवकों की पहचान सुरेंद्र सिंह (19), नीतीश शाह (19), आनंद शाह (20) और आजाद नाथ (19) निवासी ग्राम बामडोली, थाना सदर, जिला हिसार (हरियाणा) के रूप में हुई है।
सुरक्षित रेस्क्यू के बाद युवकों तथा स्थानीय लोगों ने मुनिकीरेती जल पुलिस और वाटर रेस्क्यू टीम का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जल पुलिस ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की कि वे गंगा नदी में तैरकर नदी पार करने या गहरे पानी में जाने का प्रयास न करें। गंगा का जलस्तर और बहाव अचानक बदल सकता है, जिससे जान का खतरा बढ़ जाता है। पुलिस ने सभी से केवल चिन्हित एवं सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करने तथा सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
गंगा पार करने की कोशिश पड़ी भारी, बीच धारा में फंसे चार युवकों को जल पुलिस ने बचाया

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन
वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।



