टिहरी गढ़वाल, 7 जून 2026। चारधाम यात्रा मार्ग पर रविवार सुबह तोताघाटी के समीप एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब बद्रीनाथ से ऋषिकेश जा रही यात्रियों से भरी बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही SDRF की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह लगभग 8:30 बजे डीसीआर टिहरी के माध्यम से सूचना मिली कि तोताघाटी के पास एक चारधाम यात्रा बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। सूचना मिलते ही निरीक्षक कवीन्द्र सजवान के नेतृत्व में SDRF पोस्ट ढालवाला एवं ब्यासी की टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुईं।
मौके पर पहुंचने पर पता चला कि बस संख्या UK04 PA 0418, जो बद्रीनाथ से ऋषिकेश की ओर आ रही थी, सड़क पर ही पलट गई थी। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण बस के ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है। बस में कुल 39 यात्री सवार थे।
हादसे में 3 से 4 यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें तत्काल 108 एम्बुलेंस सेवा के माध्यम से उपचार के लिए ऋषिकेश अस्पताल भेजा गया। राहत की बात यह रही कि बस में सवार अन्य सभी यात्री सुरक्षित हैं।
SDRF की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया तथा स्थानीय प्रशासन और अन्य आपातकालीन एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई। त्वरित कार्रवाई के चलते किसी बड़ी जनहानि से बचाव हो सका।
प्रशासन द्वारा दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। चारधाम यात्रा मार्ग पर यात्रियों से सतर्कता बरतने तथा वाहन चालकों से वाहन की तकनीकी स्थिति की नियमित जांच कराने की अपील की गई है।
तोताघाटी के पास चारधाम यात्रा बस पलटी, SDRF ने चलाया त्वरित रेस्क्यू अभियान; सभी यात्री सुरक्षित

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन
वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।



