टिहरी गढ़वाल। बदलते सामाजिक परिवेश में जहां विवाह समारोहों में शराब का प्रचलन तेजी से बढ़ रहा है, वहीं चम्बा की नवविवाहिता ज्योति रमोला और उनके परिवार ने नशामुक्त एवं सादगीपूर्ण विवाह संपन्न कर समाज के सामने एक प्रेरणादायक मिसाल पेश की है। इस सराहनीय पहल के लिए “शराब नहीं संस्कार” मुहिम द्वारा ज्योति रमोला को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुहिम की प्रतिनिधि लक्ष्मी ने कहा कि नशामुक्त विवाह केवल एक आयोजन नहीं बल्कि सामाजिक जागरूकता का संदेश है। ऐसे प्रयास समाज में नई सोच और स्वस्थ परंपराओं को बढ़ावा देते हैं।
मुहिम के प्रणेता सुशील बहुगुणा ने कहा कि विवाह भारतीय संस्कृति का एक पवित्र संस्कार है और इसमें शराब जैसी कुरीतियों का कोई स्थान नहीं होना चाहिए। ज्योति रमोला के परिवार ने बिना नशे के विवाह कर यह साबित किया है कि खुशियों के उत्सव संस्कारों और पारिवारिक मूल्यों के साथ भी पूरी गरिमा से मनाए जा सकते हैं।
नगर पालिका चम्बा अध्यक्ष शोभनी धनौला ने कहा कि यह सम्मान केवल उनके परिवार का नहीं, बल्कि उन सभी लोगों का सम्मान है जो समाज में अच्छी परंपराओं और सकारात्मक बदलाव के लिए प्रयासरत हैं। उन्होंने अधिक से अधिक परिवारों से नशामुक्त विवाह को अपनाने का आह्वान किया।
नवविवाहिता ज्योति रमोला ने कहा कि उनके परिवार ने विवाह को एक संस्कार के रूप में मनाने का संकल्प लिया था। यह सम्मान उनके लिए गर्व का विषय है और इससे समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा।
ज्योति रमोला की माता कविता रमोला ने बताया कि बेटी के विवाह में संस्कार और पारिवारिक मूल्यों को प्राथमिकता दी गई, जिससे पूरे समारोह की गरिमा बनी रही और सभी अतिथियों ने इस पहल की सराहना की।
इस अवसर पर सुमेर चंद रमोला, अनुपमा रमोला सहित अन्य उपस्थित लोगों ने नशामुक्त विवाह को समाज के लिए एक प्रेरक पहल बताया। “शराब नहीं संस्कार” मुहिम ने आगे भी ऐसे परिवारों को सम्मानित कर समाज में अच्छे संस्कारों और नशामुक्त आयोजनों को बढ़ावा देने का संकल्प व्यक्त किया।
‘शराब नहीं संस्कार’ मुहिम ने नव विवाहिता ज्योति रमोला को किया सम्मानित

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन
वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।



