टिहरी गढ़वाल, 11 जून 2026। थाना लंबगांव क्षेत्र में दलित युवक की हत्या के मामले में टिहरी पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस ने मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही अब तक कुल चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्वेता चौबे स्वयं मामले की निगरानी कर रही हैं और निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस के अनुसार, हत्या के संबंध में दर्ज मुकदमे (मु0अ0सं0-09/2026) में फरार चल रहे आरोपी सचिन पंवार (27 वर्ष) निवासी खोलगढ़ वल्ला, प्रतापनगर को गुरुवार सुबह चौंधार तिराहा, लंबगांव से गिरफ्तार किया गया। वह घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन का चालक बताया जा रहा है।
वहीं दूसरे आरोपी सुमित प्रसाद (21 वर्ष) निवासी ग्राम धान्यो, मयाली (रुद्रप्रयाग) को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक वह मुख्य आरोपी यशवीर सिंह पंवार के साथ जेसीबी मशीन पर कार्य करता था और खोलगढ़ स्थित उसके मकान में किराये पर रह रहा था। उसे पुलिस टीम ने उसी मकान से गिरफ्तार किया।
पुलिस का कहना है कि विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों, तकनीकी विश्लेषण और पूछताछ के आधार पर दोनों आरोपियों की संलिप्तता सामने आई है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
मामले की वैज्ञानिक जांच को मजबूत करने के लिए 10 जून को फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। इनकी जांच रिपोर्ट के आधार पर विवेचना को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा।
SSP श्वेता चौबे ने स्पष्ट किया है कि मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष एवं विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मामले से जुड़ी किसी भी अपुष्ट या भ्रामक सूचना को सोशल मीडिया पर साझा न करें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा




