तैयारियों को लेकर 10 अगस्त को अगली बैठक
टिहरी गढ़वाल 29 जुलाई । जगतगुरु ज्योतिष पीठाधीश्वर ब्रह्मलीन शंकराचार्य स्वामी माधवाश्रम महाराज की पुण्यतिथि के अवसर पर आगामी 10 से 17 नवंबर 2026 तक नई टिहरी में विराट धार्मिक एवं वैदिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को ऐतिहासिक एवं भव्य स्वरूप देने के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
कार्यक्रम संयोजक पंडित राजेंद्र प्रसाद चमोली ने बताया कि 27 जुलाई को सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज नई टिहरी में आयोजित बैठक में नगर के गणमान्य नागरिकों एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार, संस्कृत शिक्षा एवं गुरुकुल परंपरा को बढ़ावा देने तथा गौसेवा एवं सनातन संस्कृति के संरक्षण पर जोर दिया गया।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आयोजन में संस्कृत महाविद्यालयों के शास्त्री-आचार्य तथा वृंदावन में श्रीमद्भागवत का अध्ययन कर रहे विद्यार्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। यज्ञ में यजमान बनने वाले श्रद्धालुओं के लिए व्यास के ठहरने की व्यवस्था तथा सेवा का अवसर उपलब्ध कराने पर भी सहमति बनी।
पंडित चमोली ने बताया कि आगामी बैठक में यज्ञ के प्रचार-प्रसार, होल्डिंग-बैनर, भोजन एवं पंडाल व्यवस्था सहित विभिन्न जिम्मेदारियां तय की जाएंगी।
राजेन्द्र प्रसाद चमोली ने आज गुरुपूर्णिमा के अवसर पर सभी गुरु भक्तों को शुभकामनाएं देते हुए बताया कि 10 अगस्त को शाम 4 बजे नई टिहरी चौहान वेंडिंग प्वाइंट पर अगली बैठक आयोजित होगी। बैठक की अध्यक्षता राज्यमंत्री खेम सिंह चौहान करेंगे। उन्होंने सभी नगरवासियों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने की अपील की।





