विशेष गहन पुनरीक्षण की समीक्षा, तीन विधानसभा क्षेत्रों का डिजिटाइजेशन शत-प्रतिशत पूर्ण
टिहरी गढ़वाल 01 जुलाई । जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने आज जनपद में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के संबंध में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।
कलेक्ट्रेट में हुई इस बैठक में जिलाधिकारी ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की समीक्षा की। बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम सभी के सहयोग से निर्बाध रूप से संचालित है। उन्होंने बताया कि बूथ लेवल अफसरों ने घर घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण किया तथा मतदाताओं ने सहयोग करते हुए अपने भरे हुए प्रपत्रों को बूथ लेवल अफसरों को सौंपा। जिलाधिकारी ने बताया कि जितने भी भरे हुए प्रपत्र प्राप्त हुए, उनमें तीन विधानसभा धनोल्टी, घनसाली व देवप्रयाग का शत प्रतिशत डिजिटाइजेशन किया जा चुका है।
जिलाधिकारी ने कहा कि ड्राफ्ट रोल के प्रकाशन से पूर्व इन मतदाताओं के गणना प्रपत्रों को कलेक्ट करने के लिए संबंधित बूथों में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं बूथ लेवल अधिकारियों को बैठकें करनी होगी तथा उन मतदाताओं के बारे में जानकारियां प्राप्त कर उनके गणना प्रपत्रों को जमा करने में सहयोग करना होगा। उन्होंने कहा कि ड्राफ्ट रोल प्रकाशित होने से पूर्व ऐसा करने से मतदाता को नोटिस आदि की प्रक्रिया से नहीं जूझना पड़ेगा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र नेगी, बीजेपी मीडिया प्रभारी राजेन्द्र डोभाल, इंडियन नेशनल कांग्रेस के महासचिव गबर सिंह, बीजेपी सांसद प्रतिनिधि रामलाल नौटियाल, एडीईओ निर्वाचन विजय तिवारी, जवाहर सिंह , नवीन सेमवाल एवं मुशर्रफ़ अली उपस्थित रहे।




