Ad image

मैण्डखाल पीएचसी की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं के खिलाफ फूटा जनाक्रोश, आश्वासन के बाद समाप्त हुआ सांकेतिक धरना

Govind Pundir
3 Min Read
Please click to share News

खबर को सुनें

मैण्डखाल/टिहरी गढ़वाल, 4 जुलाई। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) मैण्डखाल में लंबे समय से बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं के विरोध में शनिवार को क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, व्यापार मंडल, युवाओं और स्थानीय ग्रामीणों ने सांकेतिक धरना-प्रदर्शन किया। आंदोलन का नेतृत्व जिला पंचायत सदस्य सुनील प्रसाद जुयाल ने किया।
धरना समाप्त होने के बाद प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी, टिहरी गढ़वाल को संबोधित ज्ञापन सीएचसी छाम के चिकित्साधिकारी डॉ. मयंक रमोला को सौंपा।

ज्ञापन में क्षेत्रवासियों के लिए बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग करते हुए कहा गया कि अस्पताल में लंबे समय से आवश्यक संसाधनों का अभाव बना हुआ है, जिसके कारण मरीजों को उपचार के लिए दूरस्थ अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में पीएचसी में नियमित एवं स्थायी चिकित्सक की नियुक्ति, 108 एम्बुलेंस सेवा की उपलब्धता, अस्पताल का उच्चीकरण, सभी आवश्यक जीवनरक्षक दवाओं की उपलब्धता, एक्स-रे सहित अन्य जांच सुविधाएं शुरू करने, मरीजों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार देने तथा अस्पताल भवन में रैम्प सहित आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के विकास की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
धरने को संबोधित करते हुए जिला पंचायत सदस्य सुनील प्रसाद जुयाल ने कहा कि स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधा से क्षेत्र की जनता को वंचित नहीं रखा जा सकता। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग और शासन-प्रशासन की होगी।
इस दौरान सीएचसी छाम के चिकित्साधिकारी डॉ. मयंक रमोला ने ज्ञापन प्राप्त कर स्वास्थ्य सेवाओं में शीघ्र सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया और आंदोलन समाप्त करने का अनुरोध किया। सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद धरना शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त कर दिया गया।
धरना समाप्त होने के उपरांत जिला पंचायत सदस्य सुनील प्रसाद जुयाल एवं डॉ. मयंक रमोला ने अस्पताल भवन और परिसर का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, आधारभूत सुविधाओं एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। डॉ. रमोला ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अस्पताल परिसर में नियमित स्वच्छता बनाए रखने तथा आवश्यक सुधार कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।
धरना-प्रदर्शन में प्रधान प्रतिनिधि डण्डी संजय नौटियाल, पूर्व विधायक प्रत्याशी गौरव तिवारी, पूर्व प्रधान प्रतिनिधि गिरीश जुयाल, व्यापार मंडल मैण्डखाल के अध्यक्ष श्रीकृष्ण नौटियाल, कोषाध्यक्ष अनिल जुयाल, आलोक जुयाल, प्रदीप कोहली, मनजीत सिंह, शिव सिंह, हुकम सिंह, कुलदीप सिंह रावत, जयवीर सिंह रावत, संजय भण्डारी, दीपक भट्ट, गब्बर सिंह सेनवाल (क्षेत्र पंचायत सदस्य, कस्तल), भाग सिंह बयाड़ा (क्षेत्र पंचायत सदस्य, बंस्युल), रतनमणि उनियाल, जयपाल सिंह राणा, बलबीर सिंह रावत, भुरिया सिंह पंवार (पूर्व प्रधान, लवाणी), शुरवीर सिंह पंवार, संदीप भट्ट, सबिता भट्ट (प्रधान, पगारी), गिरीश खण्डूड़ी, लक्ष्मण सिंह राणा, अरविंद सेमवाल (प्रधान, भण्डारकी) सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।


Please click to share News
Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!