कांवड़ यात्रा से पहले अलर्ट मोड में टिहरी पुलिस, एसएसपी श्वेता चौबे ने मुनि की रेती में सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा

Govind Pundir
3 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल 4 जुलाई। आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने शनिवार को थाना मुनि की रेती क्षेत्र में कांवड़ यात्रा मार्ग का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और भीड़ नियंत्रण की तैयारियों का गहन जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसएसपी ने ऋषिकेश बॉर्डर, कैलाश गेट, शिवानंद गेट, मुख्य कांवड़ यात्रा मार्ग, नीलकंठ मार्ग, प्रमुख पार्किंग स्थलों, बैरिकेडिंग प्वाइंट, ट्रैफिक डायवर्जन, घाटों, संवेदनशील क्षेत्रों और पुलिस सहायता केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रत्येक स्थल पर पुलिस बल की तैनाती, उपलब्ध संसाधनों, भीड़ प्रबंधन और आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था की समीक्षा की।
उन्होंने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और निर्बाध आवागमन सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। सभी ड्यूटी प्वाइंट पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए और अधिकारी लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करें।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन निगरानी, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, कंट्रोल प्वाइंट, पुलिस सहायता केंद्र, बैरिकेडिंग और पार्किंग प्रबंधन की तैयारियों का भी परीक्षण किया। उन्होंने यात्रा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाओं को पूरी तरह दुरुस्त रखने तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान अनावश्यक जाम की स्थिति नहीं बननी चाहिए। इसके लिए ट्रैफिक प्लान का प्रभावी पालन सुनिश्चित किया जाए और आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक यातायात व्यवस्था तत्काल लागू की जाए। श्रद्धालुओं को पार्किंग और मार्ग संबंधी स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
एसएसपी ने स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, चिकित्सा सहायता और आपदा प्रबंधन की सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT), अग्निशमन, स्वास्थ्य विभाग और आपदा प्रबंधन इकाइयों के साथ सतत समन्वय बनाए रखने को कहा।
एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि कांवड़ यात्रा करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का महापर्व है और टिहरी पुलिस का लक्ष्य प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना है। उन्होंने श्रद्धालुओं से भी पुलिस और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा निर्धारित मार्गों और पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने की अपील की।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक दीपक सिंह, क्षेत्राधिकारी नरेंद्र नगर सुरेंद्र सिंह भंडारी, प्रभारी निरीक्षक मुनि की रेती प्रदीप चौहान, निरीक्षक यातायात प्रताप सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!