यूट्यूब से हुनर सीखकर स्वरोजगार की राह पर बढ़ रही हटवाल गांव की अंजली

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल 24 अगस्त। सकलाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत हटवाल गांव की रहने वाली अंजली हटवाल ने अपने हुनर और मेहनत के दम पर स्वरोजगार के क्षेत्र में अलग पहचान बनानी शुरू कर दी है। बिना किसी सरकारी संस्था या एनजीओ से जुड़े अंजली घर पर ही हस्तशिल्प और बुनाई का काम कर विभिन्न उपयोगी सामग्री तैयार कर रही हैं।

अंजली हाथों से राखियां, हैंडबैग, स्वेटर, चेन सहित कई तरह की हस्तनिर्मित वस्तुएं तैयार करती हैं। खास बात यह है कि उन्होंने इस हुनर का प्रशिक्षण किसी संस्थान से नहीं लिया, बल्कि यूट्यूब के माध्यम से स्वयं सीखकर इसे अपने रोजगार का माध्यम बनाया है। उनके बनाए उत्पाद लोगों को काफी पसंद भी आ रहे हैं।

अंजली ने बताया कि फिलहाल वह यह कार्य अकेले कर रही हैं। आने वाले समय में वह अन्य महिलाओं और युवतियों को भी इस काम से जोड़ने का प्रयास करेंगी, ताकि गांव में स्वरोजगार के अवसर बढ़ सकें।
सामाजिक कार्यकर्ता अनिल हटवाल ने कहा कि पहाड़ के गांवों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत है तो केवल उन्हें उचित मंच, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन देने की। उन्होंने कहा कि अंजली का प्रयास ग्रामीण युवाओं, विशेषकर महिलाओं और बेटियों के लिए प्रेरणादायी है। घर के कामकाज के साथ स्वरोजगार को अपनाकर वे आत्मनिर्भर बन सकती हैं। उन्होंने अंजली के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!