देवभूमि उद्यमिता योजना 2.0 के समापन पर विद्यार्थियों ने सीखे स्टार्टअप के गुर

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

ऋषिकेश, 7 अगस्त। श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के पंडित ललित मोहन शर्मा परिसर में उच्च शिक्षा विभाग एवं भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान (ईडीआईआई), अहमदाबाद के संयुक्त तत्वावधान में संचालित देवभूमि उद्यमिता योजना 2.0 के तीन दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम का शुक्रवार को समापन हो गया। अंतिम दिन 72 विद्यार्थियों ने नवाचार, स्टार्टअप और उद्यमिता के विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्राप्त की, जबकि तीन दिनों में करीब 350 विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में भाग लिया।
सेंटर ऑफ एक्सीलेंस इन एंटरप्रेन्योरशिप एवं योजना की नोडल अधिकारी प्रो. अनीता तोमर ने कहा कि वर्तमान दौर में नवाचार और तकनीक ही सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से स्थानीय समस्याओं के समाधान पर आधारित स्टार्टअप विकसित करने और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), डिजिटल प्लेटफॉर्म तथा डेटा एनालिटिक्स जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग करने का आह्वान किया।
जिला समन्वयक सपना नेगी ने योजना के आगामी चरणों, मेंटरशिप, आवासीय बूट कैंप, बिजनेस प्लान, विशेषज्ञ परामर्श और सीड फंडिंग की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक विद्यार्थियों से इसका लाभ उठाने की अपील की।
इस दौरान युवा उद्यमी मान्या राजपाल, मुस्कान रस्तोगी और रोविन ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि देवभूमि उद्यमिता योजना के प्रशिक्षण और मार्गदर्शन ने उनके स्टार्टअप को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई। विद्यार्थियों ने स्टार्टअप पंजीकरण, बौद्धिक संपदा अधिकार (आईपीआर), डिजिटल ब्रांडिंग, निवेश और सरकारी योजनाओं से जुड़े सवाल भी पूछे।
कुलपति प्रो. अम्बरीश कुमार महाजन ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप यह योजना विद्यार्थियों में नवाचार, नेतृत्व और उद्यमिता की भावना विकसित कर उन्हें रोजगार लेने के बजाय रोजगार देने वाला युवा बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। कार्यक्रम के संचालन में प्रो. धर्मेन्द्र तिवारी एवं डॉ. शालिनी रावत ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!