टिहरी गढ़वाल 14 अगस्त। राजकीय महाविद्यालय खाड़ी में बी.ए. प्रथम वर्ष में प्रवेश प्राप्त नवागंतुक छात्र-छात्राओं के स्वागत एवं मार्गदर्शन हेतु दीक्षांत एवं इंडक्शन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सीमा पांडे, विभागाध्यक्ष समाजशास्त्र द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री शीशपाल सजवान (जिला पंचायत सदस्य, जयकोट वार्ड), विशिष्ट अतिथि श्री विजय सिंह भंडारी (ग्राम प्रधान, गैंगसर) तथा राजकीय इंटर कॉलेज जाजल के प्रधानाचार्य श्री प्रभाकर त्रिवेदी द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
इस अवसर पर डॉ. सीमा पांडे ने छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की प्रमुख विशेषताओं एवं उसके लाभों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। डॉ. ईरा सिंह, विभागाध्यक्ष इतिहास ने रेड क्रॉस युवा इकाई तथा महिला उत्पीड़न निवारण संबंधी समितियों की भूमिका और महत्त्व से विद्यार्थियों को अवगत कराया।
डॉ. संगीता, विभागाध्यक्ष शिक्षाशास्त्र ने करियर काउंसलिंग एवं ‘रूट टू रूट’ कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को भविष्य की संभावनाओं से परिचित कराया। डॉ. मीना, विभागाध्यक्ष हिंदी एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) नोडल अधिकारी ने एनएसएस तथा स्वीप कार्यक्रमों से संबंधित गतिविधियों की जानकारी दी।
डॉ. शन्नोवर, विभागाध्यक्ष अर्थशास्त्र ने मुख्यमंत्री छात्रवृत्ति योजना, राष्ट्रीय छात्रवृत्ति योजना एवं अन्य छात्रवृत्तियों के संबंध में विद्यार्थियों को विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। डॉ. मीनाक्षी, विभागाध्यक्ष अंग्रेजी ने अंग्रेजी भाषा कौशल, स्किल कोर्सेज, पर्सनैलिटी डेवलपमेंट तथा नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरणीय जागरूकता के विषय में जानकारी दी।
महाविद्यालय की पुस्तकालयाध्यक्ष श्रीमती ममता चौहान ने विद्यार्थियों को पुस्तकालय में उपलब्ध विभिन्न विषयों की पुस्तकों, लाइब्रेरी कार्ड, पुस्तकालय नियमों तथा ऑनलाइन माध्यम से उपलब्ध ई-पुस्तकों एवं डिजिटल ग्रंथालय सेवाओं की जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम के अंतर्गत डॉ. अजीत सिंह, विभागाध्यक्ष राजनीति विज्ञान एवं शास्ता मंडल समिति प्रभारी ने विद्यार्थियों को महाविद्यालय आचार संहिता, अनुशासन, महाविद्यालय यूनिफॉर्म, 75 प्रतिशत उपस्थिति की अनिवार्यता तथा एंटी रैगिंग सेल की उपयोगिता के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अरुण कुमार सिंह ने नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का स्वागत करते हुए कहा कि जब विद्यार्थियों ने उच्च शिक्षा के लिए राजकीय महाविद्यालय खाड़ी का चयन किया है तो महाविद्यालय परिवार का नैतिक दायित्व है कि वह उनके शैक्षणिक, व्यक्तिगत तथा आर्थिक विकास में हर संभव सहयोग प्रदान करे। उन्होंने महाविद्यालय में उपलब्ध खेलकूद, पुस्तकालय, कौशल विकास एवं रोजगारपरक गतिविधियों का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को स्वावलंबी बनने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य अतिथि श्री शीशपाल सजवान ने महाविद्यालय को अपना परिवार बताते हुए भविष्य में हर प्रकार के सहयोग का आश्वासन दिया। श्री विजय सिंह भंडारी ने विद्यार्थियों को लक्ष्य प्राप्ति हेतु कठोर परिश्रम, लगन एवं निष्ठा के साथ अध्ययन करने का संदेश दिया। वहीं प्रधानाचार्य श्री प्रभाकर त्रिवेदी ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि राजकीय इंटर कॉलेज जाजल के विद्यार्थी निरंतर महाविद्यालय खाड़ी में प्रवेश लेकर अपने लक्ष्यों की प्राप्ति करेंगे।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. अजीत सिंह द्वारा सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं का धन्यवाद ज्ञापित किया गया तथा नवप्रवेशी विद्यार्थियों को महाविद्यालय जीवन की शुभकामनाएँ दी गईं। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण, कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।





