टिहरी में राजस्व संग्रहण की समीक्षा, लंबित वादों के निस्तारण में तेजी के निर्देश

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल 27 अगस्त। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट स्थित वीसी कक्ष में राजस्व संग्रहण एवं अनुश्रवण समिति की मासिक बैठक हुई। बैठक में राजस्व प्राप्ति, वसूली, लंबित राजस्व वादों तथा खाद्यान्न व्यवस्था की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने राजस्व वसूली में तेजी लाने और लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। वाहन चेकिंग में जुलाई 2026 तक 3,857 चालान किए गए और 190 वाहन बंद किए गए, जिससे 66.16 लाख रुपये प्रशमन शुल्क प्राप्त हुआ, जो पिछले वर्ष की तुलना में 1.07 प्रतिशत अधिक है।
आबकारी विभाग की राजस्व प्राप्ति जुलाई तक 57.14 करोड़ रुपये रही, जो पिछले वर्ष की समान अवधि के 54.97 करोड़ रुपये से 3.90 प्रतिशत अधिक है। विभाग का वार्षिक लक्ष्य 135 करोड़ रुपये है।
राजस्व विभाग की समीक्षा में जिलाधिकारी ने धारा 34, 33/39, 176, 143, 229(बी) और 209 के लंबित वादों को प्राथमिकता से निस्तारित करने के निर्देश दिए। विवादित एवं रजिस्ट्री संबंधी मामलों के साथ फौजदारी मामलों की भी नियमित समीक्षा करने को कहा।
त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग को सघन निरीक्षण एवं जांच अभियान चलाने तथा कार्रवाई की रिपोर्ट प्रतिदिन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि अक्टूबर माह तक के राशन का उठान शुरू हो गया है और जनपद में एलपीजी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है।
बैठक में अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, एसडीएम कमलेश मेहता, आशीष घिल्डियाल, मंजू राजपूत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!