Ad image

टनल में पानी-मलबा घुसने से सात श्रमिकों की मौत दुर्भाग्यपूर्ण

Govind Pundir
4 Min Read
Please click to share News

खबर को सुनें

ऋषिकेश, 14 अगस्त। विष्णुगाड-पीपलकोटी जलविद्युत परियोजना (VPHEP) की टेल रेस टनल (TRT) में गुरुवार शाम हुए भीषण हादसे में सात श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि तीन श्रमिक अब भी लापता हैं। टनल में अचानक बड़ी मात्रा में पानी और मलबा घुसने से यह हादसा हुआ। हादसे के बाद से लापता श्रमिकों की तलाश के लिए राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है।
THDC इंडिया लिमिटेड की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 13 अगस्त 2026 को शाम करीब 6:20 बजे TRT फेज-II के चेनज 1440 मीटर पर अचानक तेज आवाज के साथ बड़ी मात्रा में पानी और मलबा टनल में भर गया। घटना के समय चेनज 1230 मीटर पर टनल की कंक्रीट लाइनिंग का कार्य चल रहा था। यहां मुख्य कार्यदायी संस्था हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी (HCC) द्वारा तैनात कुल 22 श्रमिक काम कर रहे थे।
हादसे के बाद शुरू किए गए राहत एवं बचाव अभियान में अब तक 12 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। सभी को उपचार के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। इनमें से एक घायल श्रमिक को आवश्यक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी भी दे दी गई है। वहीं सात श्रमिकों की मौत हो चुकी है और तीन श्रमिक अभी भी लापता हैं।
छह एजेंसियां रेस्क्यू में जुटीं
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन के समन्वय से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। वर्तमान में THDC, HCC, NDRF, SDRF, CISF और जिला प्रशासन की संयुक्त टीमें टनल में लापता श्रमिकों की तलाश में जुटी हैं। टनल से पानी और मलबा बाहर निकालने के लिए आवश्यक संसाधन एवं उपकरण लगाए गए हैं। साथ ही बचाव दलों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए भी लगातार काम किया जा रहा है।
वरिष्ठ अधिकारी मौके पर, रेस्क्यू की निगरानी
THDC इंडिया लिमिटेड के प्रबंध निदेशक सहित कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं। अधिकारी राहत एवं बचाव अभियान की प्रत्यक्ष निगरानी कर रहे हैं और जिला प्रशासन तथा अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए हैं।
लापता श्रमिकों की तलाश सर्वोच्च प्राथमिकता
THDC प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि लापता श्रमिकों की तलाश और उनका सुरक्षित बचाव सर्वोच्च प्राथमिकता है। कंपनी ने कहा है कि जिला प्रशासन एवं सभी संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय कर उपलब्ध सभी आवश्यक संसाधनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। घायल श्रमिकों के समुचित उपचार के साथ प्रभावित श्रमिकों और उनके परिवारों को हरसंभव सहयोग देने के लिए कंपनी प्रतिबद्ध है।
हादसे के कारणों का होगा विस्तृत आकलन
THDC ने कहा कि श्रमिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और राहत एवं बचाव अभियान के लिए हरसंभव संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। हादसे के कारणों और परिस्थितियों का विस्तृत आकलन संबंधित सक्षम एजेंसियों के समन्वय से किया जाएगा।
फिलहाल टनल में फंसे तीन लापता श्रमिकों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान जारी है। मृत श्रमिकों के परिजनों के प्रति THDC प्रबंधन ने गहरी संवेदना व्यक्त की है और प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता से खड़े रहने की बात कही है।


Please click to share News
Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!