टिहरी गढ़वाल 7 सितम्बर। टिहरी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम रतोली, पेटव और खेमड़ा में आयोजित जन-संवाद कार्यक्रम में ग्रामीणों ने पूर्व पर्यटन मंत्री दिनेश सिंह धनाई के समक्ष क्षेत्र की विभिन्न समस्याएं प्रमुखता से उठाईं। ग्रामीणों ने सड़क, रसोई गैस वितरण, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और टिहरी बांध टॉप से रात्रिकालीन आवागमन सहित कई समस्याओं के समाधान की मांग की।
रतोली और पेटव के ग्रामीणों ने बताया कि गांव की सड़क परिवहन विभाग से स्वीकृत नहीं होने के कारण रसोई गैस सिलेंडर करीब एक किलोमीटर दूर से सिर पर ढोकर लाना पड़ता है। इससे विशेष रूप से महिलाओं को काफी परेशानी होती है। ग्रामीणों ने पेयजल वितरण व्यवस्था में सुधार की भी मांग की।
ग्रामीणों ने टिहरी बांध टॉप से रात में आवागमन बंद होने का मुद्दा भी गंभीरता से उठाया। उनका कहना था कि आपात स्थिति में बीमार, गर्भवती महिलाओं और गंभीर मरीजों को नई टिहरी अस्पताल पहुंचाने के लिए लंबा मार्ग तय करना पड़ता है। इससे समय पर उपचार न मिलने के कारण कई बार अप्रिय घटनाएं हो चुकी हैं। उन्होंने बांध टॉप से रात्रिकालीन आवागमन की व्यवस्था बहाल करने की मांग की।
बालमा से पॉलीटेक्निक स्थानांतरण पर जताई चिंता
जन-संवाद में बालमा से पॉलीटेक्निक कॉलेज को अन्यत्र स्थानांतरित किए जाने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र में तकनीकी एवं उच्च शिक्षा संस्थानों की उपलब्धता युवाओं के भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इसके अलावा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार की मांग भी रखी गई।
पूर्व मंत्री दिनेश सिंह धनाई ने कहा कि उनका उद्देश्य टिहरी विधानसभा को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना रहा है। उन्होंने अपने कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों और स्वीकृत योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने केवल घोषणाएं नहीं कीं, बल्कि महत्वपूर्ण योजनाओं को धरातल पर उतारकर दिखाया।
उन्होंने दावा किया कि उनके कार्यकाल में प्रदेश की अन्य विधानसभाओं की तुलना में टिहरी विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक विकास योजनाएं लाई गईं। उन्होंने कहा कि पूर्व में स्वीकृत लेकिन अभी तक धरातल पर नहीं उतर पाई योजनाओं को आगे बढ़ाने की जरूरत है।
धनाई ने कहा कि टिहरी को शिक्षा हब बनाना उनका सपना है। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि आगामी चुनाव में उनके, उनसे पूर्व और बाद के जनप्रतिनिधियों के कार्यों की तुलना करें और उसके आधार पर मतदान करें।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष संदीप सिंह, पूर्व ब्लॉक प्रमुख आनंदी नेगी, ग्राम प्रधान मीना देवी, प्रधान रीना देवी, प्रधान रजनी गुसाईं, क्षेत्र पंचायत सदस्य सावित्री देवी, उपप्रधान कृष्णकांत भट्ट, पूर्व प्रधान प्रेम सिंह रावत, रूप सिंह नेगी, प्रेम सिंह रावत, सते सिंह, मकान दास, कमल सिंह रावत, शीला गुसाईं, पुष्कर सिंह चौहान, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य जसपाल सिंह रावत, शूरवीर सिंह पंवार, डॉ. बीरेंद्र सिंह सजवाण, कपूर सिंह चौहान, राजेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और मातृशक्ति मौजूद रही।
जन-संवाद में गूंजे सड़क-पानी और बांध टॉप के मुद्दे, धनाई बोले—टिहरी को बनाना है शिक्षा हब

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन
वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।



