युवाओं के भविष्य और रोजगार के लिए शिक्षा आधारित अवसर बढ़ाने होंगे: धनाई

Govind Pundir
3 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल। टिहरी विधानसभा क्षेत्र के चंबा में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री दिनेश सिंह धनाई ने युवाओं से संवाद कर उनके भविष्य, शिक्षा, रोजगार और क्षेत्र में नए अवसरों को लेकर विचार-विमर्श किया। उन्होंने कहा कि टिहरी विधानसभा क्षेत्र के युवाओं के भविष्य को बेहतर बनाने और उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए ठोस कदमों पर सामूहिक रूप से विचार करने की आवश्यकता है।
संवाद के दौरान युवाओं ने अपने सुझाव रखते हुए क्षेत्र में खेल विश्वविद्यालय की स्थापना और बेहतर खेल मैदान विकसित करने की मांग पर जोर दिया। युवाओं ने रोजगार, शिक्षा, कौशल विकास तथा स्थानीय स्तर पर नए अवसर सृजित करने से जुड़े अपने विचार भी साझा किए।
पूर्व मंत्री धनाई ने कहा कि पहाड़ों में बड़े उद्योगों के लिए आवश्यक कच्चा माल उपलब्ध कराना चुनौतीपूर्ण हो सकता है, लेकिन शैक्षणिक एवं कौशल आधारित संस्थानों के लिए कच्चे माल की आवश्यकता नहीं होती। ऐसे में पहाड़ों में रोजगारपरक शैक्षणिक संस्थान स्थापित कर युवाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि इससे पलायन को रोकने में भी मदद मिल सकती है।
धनाई ने कहा कि उनके कार्यकाल में टिहरी को शिक्षा का हब बनाने की दिशा में प्रयास किए गए। इसी उद्देश्य से बीएससी नर्सिंग कॉलेज, होटल मैनेजमेंट कॉलेज, पॉलीटेक्निक, आईटीआई, कोटी में जल-थल-वायु साहसिक खेल अकादमी तथा संगीत महाविद्यालय जैसे संस्थान खोले गए। उन्होंने कहा कि इन संस्थानों को जिस गति से आगे बढ़ना चाहिए था, वह अपेक्षित रूप से नहीं हो पाया है।
उन्होंने युवाओं से शिक्षा के साथ कौशल विकास और स्वरोजगार के क्षेत्र में भी आगे बढ़ने का आह्वान किया। कहा कि स्थानीय संसाधनों और युवाओं की क्षमता को जोड़कर टिहरी में रोजगार के नए अवसर विकसित किए जा सकते हैं।
युवा संवाद में गौरव गुसाईं, धनवीर पुरसोड़ा, अनुज डबराल, नवनीत रावत, अमन सजवाण, सुशांत उनियाल, प्रवीण भंडारी, भानु प्रताप सिंह पुंडीर, भानु पुंडीर, ब्रिजेश बहुगुणा, अंकित बहुगुणा, प्रवीण मखलोगा, संदीप पंवार, राहुल डोटियाल, कुलदीप नेगी, दीपक सजवाण, आशीष कोठियाल, देवेंद्र कोठारी, विनोद पुंडीर, योगेश थपलियाल, अरविंद कोठारी सहित सैकड़ों युवा मौजूद रहे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!