टिहरी गढ़वाल। राज्य आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर शनिवार को जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल के निर्देशन में टिहरी जनपद के 10 स्थानों पर वृहद मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इसमें भूकंप, बादल फटना, भूस्खलन, वनाग्नि, रोपवे में तकनीकी खराबी, वाहन दुर्घटना, रेलवे टनल में धंसाव और टिहरी बांध से पानी छोड़े जाने जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया गया।

घनसाली के मुख्य बाजार और जखन्याली में भूकंप एवं बादल फटने, नरेंद्रनगर के बगड़धार में भूस्खलन तथा नैनबाग स्वास्थ्य केंद्र में भूकंप से नुकसान की स्थिति में रेस्क्यू अभियान चलाया गया। धनोल्टी स्थित सुरकंडा देवी रोपवे में फंसे दो यात्रियों को सुरक्षित निकालने के साथ पाले और कोहरे से होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम का अभ्यास किया गया।




