टिहरी गढ़वाल 13 अगस्त। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के हल्द्वानी दौरे के बाद सभा स्थल के कथित शुद्धिकरण को लेकर कांग्रेस ने कड़ी प्रतिक्रिया जताई है। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव राकेश राणा ने इस घटनाक्रम को सामाजिक समरसता, समानता और संवैधानिक मूल्यों के लिए चिंताजनक बताया।
राकेश राणा ने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष जैसे महत्वपूर्ण पद पर हैं। ऐसे में उनके कार्यक्रम के बाद सभा स्थल के कथित रूप से शुद्धिकरण की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति की जाति अथवा सामाजिक पृष्ठभूमि के आधार पर उसके जाने के बाद किसी स्थान को ‘शुद्ध’ करने की मानसिकता समानता और सामाजिक न्याय की भावना के विपरीत है।
उन्होंने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, सम्मान और गरिमा का अधिकार देता है। ऐसे घटनाक्रम समाज में मौजूद जातिगत भेदभाव की मानसिकता को उजागर करते हैं। राणा ने कहा, “यह केवल मल्लिकार्जुन खड़गे जी का अपमान नहीं, बल्कि समानता, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की विचारधारा का अपमान है।”
राणा ने भाजपा पर सामाजिक विभाजन की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जाति और धर्म के नाम पर समाज को बांटने के बजाय आज देश को भाईचारे, सामाजिक सद्भाव और संवैधानिक मूल्यों को मजबूत करने की जरूरत है।
उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जातिगत भेदभाव और सामाजिक असमानता के खिलाफ शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाएं। साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस महात्मा गांधी और डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित संविधान एवं सामाजिक न्याय की विचारधारा से प्रेरणा लेकर समानता के लिए संघर्ष करती रहेगी।
खड़गे के कार्यक्रम स्थल के कथित शुद्धिकरण पर राकेश राणा ने उठाए सवाल

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन
वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।




