कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुरारी लाल खंडवाल बोले- जातिवादी और सांप्रदायिक एजेंडे को बढ़ावा देना समाज के लिए घातक
टिहरी गढ़वाल 14 अगस्त। हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद मंच के शुद्धिकरण के लिए हवन-पूजन किए जाने के मामले को लेकर कांग्रेस ने शुक्रवार को टिहरी में शांतिपूर्ण सत्याग्रह किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की तस्वीर के साथ गीता भवन बौराड़ी से गणेश चौक तक पैदल मार्च निकाला। इस दौरान भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कथित जातिवादी और दलित विरोधी मानसिकता के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुरारी लाल खंडवाल ने कहा कि आठ अगस्त को हल्द्वानी में कांग्रेस की रैली में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि रैली में आने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों की गाड़ियों को जगह-जगह पुलिस चेकिंग के नाम पर रोका गया, जिससे लोगों को रैली स्थल तक पहुंचने में बाधा हुई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश नेतृत्व ने पुलिस अधिकारियों के कार्यालय पहुंचकर धरना दिया, जिसके बाद रोकी गई गाड़ियों को छोड़ा गया और लोग रैली में पहुंच सके।
खंडवाल ने कहा कि इसके बावजूद हल्द्वानी की रैली बेहद सफल रही। राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने रैली में उत्तराखंड के विकास और प्रदेश के हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। उन्होंने कहा कि रैली के दो दिन बाद भाजपा समर्थित कुछ लोगों द्वारा उस मंच पर हवन-यज्ञ किए जाने का वीडियो सामने आया, जिसके बाद पूरे देश में इसको लेकर आक्रोश देखने को मिला।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि सवाल यह है कि आखिर मंच का शुद्धिकरण क्यों किया गया? उन्होंने आरोप लगाया कि जब एक दलित व्यक्ति और देश का राष्ट्रीय नेता उस मंच पर आया था, उसके बाद मंच का हवन-पूजन कर शुद्धिकरण करना समाज में जातिगत भेदभाव की मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि आज देश विकास और तरक्की की ओर बढ़ रहा है, ऐसे समय में जाति और धर्म के आधार पर भेदभाव को बढ़ावा देना दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी समय में भाजपा द्वारा जानबूझकर सांप्रदायिक और जातिवादी मुद्दों को आगे बढ़ाया जा रहा है, जो समाज के लिए उचित नहीं है। खंडवाल ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है, जहां लोग आपसी भाईचारे और मिल-जुलकर रहने की परंपरा के लिए जाने जाते हैं। ऐसे में जातिवाद और सांप्रदायिकता को बढ़ावा देने वाली मानसिकता का कांग्रेस गांधीवादी तरीके से विरोध करती रहेगी।
उन्होंने कहा कि इसी के तहत कांग्रेस ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों, ब्लॉक और मंडल मुख्यालयों पर सत्याग्रह और पदयात्राएं आयोजित की हैं। टिहरी में भी महात्मा गांधी की तस्वीर के साथ शांतिपूर्ण मार्च निकालकर सामाजिक समानता और भाईचारे का संदेश दिया गया।
मार्च में प्रदेश महासचिव राकेश राणा, विजय गुनसोला, पूर्व राज्यमंत्री प्रवीण सिंह भंडारी, देवेंद्र नौडियाल, कुलदीप पंवार, दर्शनी रावत, आशा रावत, सीमा क्रिशाली, मुसरफ अली, मुर्तजा वेग, नवीन सेमवाल, बिशन सिंह रांगड़, गब्बर रावत, मीना शाह, मंगल आर्य समेत कांग्रेस और युवा कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल रहे। कार्यकर्ताओं ने गणेश चौक पहुंचकर सत्याग्रह किया और सामाजिक भेदभाव के खिलाफ आवाज बुलंद की।





