अपराध गोष्ठी में एसएसपी का कड़ा रुख, लापरवाह थाना प्रभारियों को फटकार: 57 पुलिस कर्मी सम्मानित

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल 17 अगस्त। पुलिस लाइन चंबा में सोमवार को एसएसपी श्वेता चौबे की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित हुई। गोष्ठी में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था, लंबित विवेचनाओं, सत्यापन अभियान और विभिन्न पुलिस अभियानों की प्रगति की समीक्षा की गई।
एसएसपी ने सत्यापन अभियान में अपेक्षित प्रगति न होने तथा चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश नहीं लगा पाने वाले थाना प्रभारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने संदिग्ध एवं बाहरी व्यक्तियों तथा किरायेदारों के सत्यापन में तेजी लाने, चोरी की घटनाओं की रोकथाम के लिए रात्रि गश्त व चेकिंग बढ़ाने के निर्देश दिए।
उन्होंने नशा तस्करी के विरुद्ध NDPS Act के तहत सख्त कार्रवाई, साइबर अपराधों में त्वरित कार्रवाई, ड्रंकन ड्राइव व यातायात नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी चेकिंग तथा वांछित अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही लंबित विवेचनाओं और ऑनलाइन शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

** 57 पुलिसकर्मी सम्मानित **
एसएसपी श्वेता चौबे ने जनपद में सराहनीय कार्य करने तथा कांवड़ मेला ड्यूटी के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 57 पुलिस कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र व मोमेंटो देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों का प्रोत्साहन अन्य कार्मिकों को भी कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करता है।

एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से अनुशासन, पारदर्शिता एवं जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने तथा जनता और पर्यटकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक दीपक सिंह, सीओ टिहरी चंद्रमोहन सिंह, सीओ नरेंद्रनगर सुरेंद्र सिंह भंडारी, सीओ चंबा महेश चंद्र लखेड़ा सहित समस्त थाना व शाखा प्रभारी मौजूद रहे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!