ऋषिकेश। बीन नदी में मैक्स वाहन पलटने से उसमें फंसे दो युवकों को SDRF की टीम ने देर रात साहसिक रेस्क्यू अभियान चलाकर सकुशल बाहर निकाल लिया। हादसे की सूचना रात 9:22 बजे पशुलोक बैराज पुलिस चौकी से मिली थी।
सूचना मिलते ही ढालवाला पोस्ट से अपर उप निरीक्षक महावीर चौहान के नेतृत्व में SDRF टीम महज तीन मिनट में घटनास्थल के लिए रवाना हुई। अंधेरी रात, उफनती नदी और तेज बहाव के बीच जवानों ने स्थानीय पुलिस के साथ रेस्क्यू शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद पहले युवक को वाहन से सुरक्षित बाहर निकाला गया।
इसी दौरान तेज बहाव में वाहन कुछ दूरी तक बह गया और दूसरा युवक उसमें फंस गया। स्थिति को देखते हुए निरीक्षक कविंद्र सजवाण के नेतृत्व में SDRF की दूसरी टीम भी मौके पर पहुंची। दोनों टीमों ने समन्वय और कुशल रेस्क्यू तकनीक से अभियान चलाकर दूसरे युवक को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
रेस्क्यू किए गए युवकों की पहचान सुखदेव सिंह (25) पुत्र महिपाल सिंह और नरेश रावत (24) पुत्र धन सिंह, निवासी ग्राम धुरघुडी, बिंदूवासनी, थाना यमकेश्वर, पौड़ी गढ़वाल के रूप में हुई। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेज दिया गया।
SDRF सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने बारिश के दौरान लोगों से नदी-नालों के पास न जाने और मौसम का पूर्वानुमान देखकर ही यात्रा करने की अपील की है।
बीन नदी में पलटा मैक्स वाहन, उफनते पानी के बीच SDRF ने दो युवकों को बचाया

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन
वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।




