ऋषिकेश, 18 अगस्त 2026। विष्णुगाड़–पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना (VPHEP) के टेल रेस टनल (TRT) में 13 अगस्त को हुए दर्दनाक हादसे के बाद पिछले कई दिनों से जारी तलाश एवं बचाव अभियान मंगलवार को पूर्ण हो गया। टनल में लापता चल रहे शेष दो श्रमिकों के शव भी बरामद कर लिए गए हैं। इसके साथ ही हादसे में मृत सभी 10 श्रमिकों के शव बरामद कर लिए गए हैं।
हादसे के समय टेल रेस टनल में मुख्य कार्यदायी संस्था HCC द्वारा तैनात कुल 22 श्रमिक कार्य कर रहे थे। अचानक टनल में पानी और मलबा आने से हुए हादसे में 12 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं 7 श्रमिकों की हादसे में मृत्यु हो गई थी और 3 श्रमिक लापता थे।
लापता श्रमिकों की तलाश के लिए NDRF, SDRF, CISF, जिला प्रशासन, THDCIL और HCC की संयुक्त टीमों ने लगातार दिन-रात रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। टनल से पानी निकालने, मलबा हटाने और बचाव दलों की सुरक्षित आवाजाही के लिए आवश्यक संसाधनों एवं अत्याधुनिक उपकरणों का लगातार इस्तेमाल किया गया।
15 अगस्त को एक लापता श्रमिक का शव बरामद किया गया था। इसके बाद मंगलवार, 18 अगस्त को अभियान के दौरान शेष दोनों लापता श्रमिकों के शव भी बरामद कर लिए गए। इस तरह हादसे में मृत श्रमिकों की संख्या 10 हो गई और सभी लापता श्रमिकों की तलाश पूरी कर ली गई।
THDC इंडिया लिमिटेड ने हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। निगम ने कहा कि इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता के साथ खड़ा है। घायल श्रमिकों के समुचित उपचार और आवश्यक चिकित्सा सहायता भी सुनिश्चित की जा रही है।
रेस्क्यू अभियान के दौरान THDCIL के प्रबंध निदेशक सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल पर अभियान की प्रत्यक्ष निगरानी की और सभी संबंधित एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखा। THDCIL ने NDRF, SDRF, CISF, जिला प्रशासन, HCC तथा राहत एवं बचाव कार्य में प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले सभी कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया है।
विष्णुगाड़-पीपलकोटी परियोजना हादसा: टेल रेस टनल से बरामद हुए सभी 10 मृत श्रमिकों के शव, रेस्क्यू अभियान पूर्ण

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन
वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।



