टिहरी में मुख्यमंत्री उद्यमशाला चौपाल-2026 के तहत क्रेता-विक्रेता सम्मेलन

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बड़े बाजार से जोड़ने की पहल, उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाएं सम्मानित

टिहरी, 21 अगस्त। ग्राम्य विकास विभाग की मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के अंतर्गत क्रीड़ा भवन टिहरी में चौपाल-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्रेता-विक्रेता सम्मेलन आयोजित कर स्वयं सहायता समूहों एवं स्थानीय उद्यमियों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। अतिथियों ने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण कर उत्पादों की जानकारी ली। प्रतिभागियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का संबोधन भी वर्चुअल माध्यम से सुना।

मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने बताया कि स्वयं सहायता समूह गुणवत्तापूर्ण उत्पाद तैयार कर रहे हैं, लेकिन उनके विपणन और बड़े बाजार से जुड़ाव की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के तहत विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 में शुरू योजना से जनपद में अब तक समूहों को करीब ढाई करोड़ रुपये का लाभ मिल चुका है।
उपाध्यक्ष ग्रामीण निर्माण विभाग जोत सिंह बिष्ट ने कहा कि महिलाओं की मेहनत और आत्मनिर्भरता प्रेरणादायक है। उपाध्यक्षा राज्य स्तरीय महिला उद्यमिता परिषद विनोद उनियाल ने कहा कि क्रेता और विक्रेता को एक मंच पर लाना उत्पादों के विपणन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उपाध्यक्ष युवा कल्याण परिषद विनोद सुयाल ने कहा कि टिहरी की महिलाओं के उत्पादों को प्रदेश, देश और विदेशों तक बाजार मिल रहा है। उपाध्यक्ष अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग परिषद खेम सिंह चौहान ने सरकार की विभिन्न योजनाओं को उद्यमिता और स्वरोजगार को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही क्रेता-विक्रेता समन्वय और उत्पादों के व्यापक बाजार उपलब्ध कराने को लेकर मार्गदर्शन दिया गया।
इस अवसर पर नगर पालिका टिहरी अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, प्रमुख चंबा सुमन सजवाण, प्रमुख थौलधार सुरेंद्र भंडारी, प्रभारी पीडी डीआरडीए ज्योति, डीडीओ मो. असलम सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, क्रेता-विक्रेता और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं मौजूद रहीं।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!