नैनीताल। नैनीताल के जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी के आकस्मिक निधन की खबर से सूचना विभाग, प्रशासनिक क्षेत्र और मीडिया जगत में शोक की लहर दौड़ गई। उनके अचानक निधन की सूचना से नैनीताल जिले के मीडिया कर्मी स्तब्ध हैं।
सहज, विनम्र और मिलनसार स्वभाव के गिरिजा शंकर जोशी ने अपने व्यवहार और कार्यशैली से सहकर्मियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों के बीच विशेष स्थान बनाया था। उनके निधन से सूचना विभाग और प्रशासनिक क्षेत्र ने एक कर्मठ एवं सौम्य अधिकारी को खो दिया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गिरिजा शंकर जोशी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की। महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने भी उनके निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की।
गिरिजा शंकर जोशी के निधन पर जिले के पत्रकारों, सूचना विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों और प्रशासनिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।




