टिहरी गढ़वाल 17 सितंबर। टिहरी मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन के बीच गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने टिहरी पहुंचे प्रभारी मंत्री गणेश जोशी के खिलाफ काले झंडे दिखाकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रशासन ने प्रदर्शन को देखते हुए मंत्री का रूट बदलकर उन्हें स्टेडियम पहुंचाया। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर पुलिस लाइन चम्बा पहुंचाया।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह पंवार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने काले कपड़े पहनकर और हाथों में काले झंडे लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। पंवार ने कहा कि मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर लंबे समय से आंदोलन चल रहा है, लेकिन सरकार की ओर से अब तक निर्माण को लेकर ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास होने तक विरोध जारी रहेगा।
प्रदर्शन में देवेन्द्र नौटियाल, आशा रावत, नवीन सेमवाल, राहुल बुटोला, जुनैद खान, अरशद, लखबीर चौहान, राजेश, इमरान खान, जमीर, मोहित रावत और सुरेश जोशी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।




