समूह नृत्य में राधूधार इंटर कॉलेज प्रथम, पूर्व मंत्री दिनेश धनाई ने किया विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन
टिहरी गढ़वाल 23 सितम्बर । उत्तराखंड संस्कृत संस्थानम्, हरिद्वार के तत्वावधान में अष्टादश संस्कृत महोत्सव एवं खंडस्तरीय संस्कृत प्रतियोगिता का आयोजन राजकीय इंटर कॉलेज राधूधार जाखणीधार में किया गया। दो दिवसीय आयोजन में क्षेत्र के 25 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग कर संस्कृत भाषा एवं संस्कृति के प्रति अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के दौरान संस्कृत नाटक, समूहगान, समूह नृत्य, वाद-विवाद, आशुभाषण एवं श्लोकोच्चारण सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
समूह नृत्य प्रतियोगिता में राजकीय इंटर कॉलेज राधूधार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। राजकीय इंटर कॉलेज बड़कोट ने द्वितीय तथा राजकीय इंटर कॉलेज रजाखेत ने तृतीय स्थान हासिल किया। आयोजकों की ओर से प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को क्रमशः 800, 600 और 400 रुपये की नकद धनराशि देकर पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री दिनेश सिंह धनाई ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए संस्कृत भाषा के संरक्षण और संवर्धन की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संस्कृत भारतीय संस्कृति और परंपराओं की महत्वपूर्ण आधारशिला है। युवा पीढ़ी को संस्कृत से जोड़ने में इस प्रकार के आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि संस्कृत भाषा युवाओं को रोजगार के अवसरों से जोड़ने के साथ ही सनातन संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
इस अवसर पर ज्येष्ठ प्रमुख त्रिलोक सिंह बिष्ट, अभिभावक अध्यक्ष मारकंडे, क्षेत्र पंचायत सदस्य त्रिलोक सिंह नेगी, विनोद सेमवाल, नरोत्तम रतूड़ी, ग्राम प्रधान छेटी जसपाल सिंह राणा, सुमती रतूड़ी, प्रधानाचार्य मंत्री प्रसाद सेमवाल, होशियार सिंह राणा, पूर्व प्रधान पीतांबर रतूड़ी, पूर्व प्रधान विनोद चोली, वीर सिंह राणा, यशपाल सिंह राणा सहित समिति के पदाधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




