राष्ट्रपति को ज्ञापन, सीईसी समेत निर्वाचन आयुक्तों को हटाने की मांग
टिहरी गढ़वाल । जिला कांग्रेस कमेटी टिहरी गढ़वाल ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और मतदाता सूची में नाम जोड़ने-हटाने की प्रक्रिया को लेकर निर्वाचन आयोग पर सवाल उठाए हैं। जिला अध्यक्ष मुरारी लाल खंडवाल के नेतृत्व में राष्ट्रपति के नाम कंडीसौड़ तहसील के माध्यम से ज्ञापन भेजकर आयोग की कार्यप्रणाली की जांच और सुधार की मांग की गई।
ज्ञापन में कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार सहित दोनों निर्वाचन आयुक्तों को तत्काल पद से हटाने, पूर्व निर्णयों की समीक्षा करने तथा नए आयुक्तों की नियुक्ति की मांग की है। साथ ही निर्वाचन आयोग को भंग करने की मांग भी उठाई गई।
कांग्रेस ने एसआईआर के दौरान बड़ी संख्या में फार्म-7 दाखिल किए जाने का आरोप लगाते हुए विधानसभा और बूथवार विवरण सार्वजनिक करने की मांग की। पार्टी ने कहा कि किसी भी वैध मतदाता का नाम केवल आपत्ति के आधार पर न हटाया जाए, बल्कि बीएलओ/ईआरओ द्वारा सत्यापन और संबंधित मतदाता को सुनवाई का पूरा अवसर दिया जाए।
ज्ञापन में निर्वाचन संबंधी शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण, प्रक्रिया में पारदर्शिता और राजनीतिक दलों के साथ समान व्यवहार सुनिश्चित करने की भी मांग की गई। कांग्रेस ने कहा कि मतदाता सूची की शुचिता लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता के विश्वास से सीधे जुड़ी है। ज्ञापन में कई वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं के हस्ताक्षर हैं।




