थान गांव में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने लगाया विधिक जागरूकता एवं स्वास्थ्य शिविर
टिहरी गढ़वाल 1 अक्टूबर। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, टिहरी गढ़वाल की ओर से ग्रामसभा थान, विकासखंड चंबा में विधिक जागरूकता एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में वरिष्ठ नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों, संरक्षण संबंधी प्रावधानों और निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी दी गई।
माननीय उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देश एवं जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण टिहरी गढ़वाल नितिन शर्मा के आदेश के अनुपालन में आयोजित शिविर में सिविल जज (सीडी)/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दयाराम ने वरिष्ठ नागरिकों और ग्रामीणों को संबोधित किया।
उन्होंने NALSA (वरिष्ठ नागरिकों को विधिक सेवाएं) योजना, 2016 तथा माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम, 2007 के तहत वरिष्ठ नागरिकों को प्राप्त अधिकारों और संरक्षण के प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की उपेक्षा, उत्पीड़न अथवा अधिकारों के हनन की स्थिति में वरिष्ठ नागरिक सक्षम प्राधिकरण और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से सहायता प्राप्त कर सकते हैं। पात्र लोगों को निःशुल्क कानूनी सलाह और अधिवक्ता की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है।
शिविर में पीड़ित प्रतिकर योजना के संबंध में भी जानकारी दी गई। साथ ही साइबर अपराध और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के लिए जागरूक करते हुए संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने, OTP, बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी और व्यक्तिगत विवरण किसी अनजान व्यक्ति से साझा न करने की सलाह दी गई। साइबर ठगी होने पर तत्काल शिकायत दर्ज कराने और संबंधित सहायता लेने को कहा गया।
इस दौरान चिकित्सा विभाग की ओर से स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया, जिसमें वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य की विभिन्न जांच की गई।
स्थायी लोक अदालत के वरिष्ठ सदस्य खेमराज सेमवाल ने ग्रामीणों को स्थायी लोक अदालत की कार्यप्रणाली एवं इसके माध्यम से विवादों के समाधान की जानकारी दी।
शिविर में रिटेनर अधिवक्ता राजपाल सिंह मियां, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चंबा के चिकित्साधिकारी पुखराज सिंह, ग्राम प्रधान कुसुम, प्राधिकरण के पराविधिक स्वयंसेवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं वरिष्ठ नागरिक मौजूद रहे।




