टिहरी गढ़वाल 2 अक्टूबर। विकासखंड चंबा के ग्राम सुनारगांव स्थित राजकीय इंटर कॉलेज नागराजा धार में सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
दो दिवसीय कार्यक्रम में 23 विभागों ने सेवा एवं जागरूकता स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और मौके पर सेवाएं उपलब्ध कराईं।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। दोनों दिनों में 200 से अधिक ग्रामीणों ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का लाभ उठाया। कृषि, समाज कल्याण, स्वरोजगार सहित अन्य विभागों की योजनाओं और नीतियों की जानकारी देने के साथ ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर निस्तारण किया गया।
अभियान के तहत आयोजित विशेष स्वास्थ्य शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने 100 से अधिक ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। ग्रामीणों को निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने क्षेत्र के विकास के लिए सरकार की योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने पर जोर दिया। इस दौरान बताया गया कि विकासखंड की सभी ग्राम पंचायतों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए शीघ्र कंप्यूटर सर्विस एवं डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे ग्रामीणों को डिजिटल सेवाओं के लिए दूरस्थ क्षेत्रों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
कार्यक्रम में राज्यमंत्री ज्योति प्रसाद गैरोला, प्रदेश मंत्री नलीन भट्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, विधायक प्रतिनिधि हरि प्रसाद सकलानी, चंबा ब्लॉक प्रमुख सुमन सजवाण, जिला पंचायत सदस्य गीता डबराल और खंड विकास अधिकारी शाकिर हुसैन सहित विभागीय अधिकारी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।




