राजकीय महाविद्यालय खाड़ी में आपदा प्रबंधन व प्राथमिक चिकित्सा प्रशिक्षण कार्यशाला

Govind Pundir
3 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल 6 अक्टूबर। राजकीय महाविद्यालय खाड़ी में मंगलवार को जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, नई टिहरी के तत्वावधान में एक दिवसीय आपदा प्रबंधन एवं प्राथमिक चिकित्सा प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मास्टर ट्रेनर अनिल सकलानी ने छात्र-छात्राओं और एनएसएस स्वयंसेवकों को आपदा के दौरान त्वरित राहत एवं बचाव की व्यावहारिक जानकारी दी।
मास्टर ट्रेनर अनिल सकलानी ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में भूकंप, भूस्खलन, अतिवृष्टि और आगजनी जैसी आपदाओं का खतरा बना रहता है। ऐसी परिस्थितियों में प्रशिक्षित युवा फर्स्ट रिस्पॉन्डर की भूमिका निभाकर संकट में फंसे लोगों की जान बचाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि किसी दुर्घटना के बाद का पहला घंटा, जिसे ‘गोल्डन ऑवर’ कहा जाता है, घायल व्यक्ति के जीवन की रक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है।
मॉक ड्रिल से सिखाए जीवनरक्षक उपाय
प्रशिक्षण के दौरान सकलानी ने छात्र-छात्राओं को केवल सैद्धांतिक जानकारी ही नहीं दी, बल्कि विभिन्न जीवनरक्षक तकनीकों का लाइव डेमो और अभ्यास भी कराया। हृदयगति रुकने अथवा सांस लेने में परेशानी की स्थिति में सीपीआर देने की सही प्रक्रिया समझाई गई।
आपदा की स्थिति में उपलब्ध संसाधनों से अस्थायी स्ट्रेचर तैयार करने का भी अभ्यास कराया गया। कंबल, चादर, रस्सी और बांस जैसी सामान्य वस्तुओं से सुरक्षित स्ट्रेचर बनाने की तकनीक बताई गई। इसके अलावा अत्यधिक रक्तस्राव, फ्रैक्चर तथा अन्य चोटों की स्थिति में घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार देने और सुरक्षित रूप से स्थिर करने के तरीके भी सिखाए गए।
आगजनी एवं भूकंप के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी देते हुए अग्निशामक यंत्र के सही उपयोग का प्रदर्शन किया गया। विद्यार्थियों को आपदा के समय घबराने के बजाय सतर्कता, त्वरित निर्णय और सुरक्षित बचाव के उपाय अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यशाला के समापन पर प्रभारी प्राचार्य डॉ. अजीत सिंह ने मास्टर ट्रेनर अनिल सकलानी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के व्यावहारिक प्रशिक्षण से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ता है और वे आपदा की स्थिति में स्वयं के साथ-साथ दूसरों की मदद करने के लिए भी तैयार होते हैं।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं एनएसएस स्वयंसेवक उपस्थित रहे। अंत में सभी प्रतिभागियों को आपदा प्रबंधन की शपथ दिलाई गई।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!