ऋषिकेश। पंडित ललित मोहन शर्मा परिसर, श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय में मेडिकल लैब टेक्नोलॉजी (एमएलटी) विभाग की ओर से विज्ञानशाला एवं उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (UCOST) के सहयोग से ‘She for STEM’ विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का उद्देश्य छात्राओं को विज्ञान एवं तकनीकी क्षेत्र में करियर के अवसरों से परिचित कराते हुए वैज्ञानिक सोच विकसित करने और STEM क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यशाला में विज्ञानशाला से आमंत्रित डॉ. रीता सिंह ने विज्ञानशाला के उद्देश्यों, गतिविधियों, प्रोजेक्ट आधारित सीखने और विद्यार्थियों को उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी। भुवन जोशी ने छात्राओं को विज्ञानशाला से जुड़ने की प्रक्रिया तथा विभिन्न प्रोजेक्ट एवं गतिविधियों में भागीदारी के बारे में बताया। दोनों वक्ताओं ने छात्राओं के सवालों का समाधान भी किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ एमएलटी विभाग के समन्वयक प्रो. जी.के. ढींगरा ने किया। उन्होंने कार्यशाला की उपयोगिता बताते हुए अतिथियों, वक्ताओं, शिक्षकों एवं छात्राओं का स्वागत किया। डीन ऑफ साइंस प्रो. एस.पी. सती ने छात्राओं को विज्ञान एवं तकनीकी क्षेत्र में उपलब्ध नए अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया।
परिसर निदेशक प्रो. एम.एस. रावत ने ‘She for STEM’ जैसी पहलों को छात्राओं के लिए उपयोगी बताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम उन्हें विज्ञान के क्षेत्र में नए अवसर तलाशने और भविष्य की दिशा तय करने में मदद करते हैं। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अमरीश कुमार मजन ने भी कार्यशाला की सराहना करते हुए छात्राओं को विज्ञान एवं STEM को करियर के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यशाला में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग एवं गणित के क्षेत्र में करियर संभावनाओं की जानकारी प्राप्त की।
‘She for STEM’ कार्यशाला में छात्राओं को विज्ञान में करियर के लिए किया प्रेरित

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन
वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।



