ऋषिकेश, 8 अक्टूबर। श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के पंडित ललित मोहन शर्मा परिसर ऋषिकेश में कुलपति प्रो. अम्बरीश कुमार महाजन की अध्यक्षता में आगामी एकेडमिक काउंसिल की बैठक की तैयारियों को लेकर बैठक हुई। इसमें शैक्षणिक गुणवत्ता, शोध, आधारभूत सुविधाओं और डिजिटल व्यवस्थाओं को मजबूत करने पर चर्चा हुई।
विश्वविद्यालय में प्रयोगशाला उपकरणों के लिए 15 करोड़, भवन, फर्नीचर व अन्य आधारभूत सुविधाओं के लिए 55 करोड़ तथा सी-डैक और एआई नेटवर्क की स्थापना के लिए 18 करोड़ रुपये के प्रस्तावों पर चर्चा की गई। पीएचडी शोधार्थियों की डीआरसी, आरडीसी और प्रोग्रेस रिपोर्ट की प्रक्रिया सरल बनाने के साथ लंबित परीक्षाओं वाले शोधार्थियों को दो माह के भीतर विशेष ‘गोल्डन चांस’ देने का प्रस्ताव एकेडमिक काउंसिल में रखने पर सहमति बनी।
समर्थ पोर्टल पर आंतरिक व प्रयोगात्मक परीक्षाओं के अंक अपलोड करने के लिए प्रत्येक विभाग और शिक्षक को अलग यूजर आईडी व पासवर्ड देने के निर्देश दिए गए। विद्यार्थियों की 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य करते हुए स्पष्ट किया गया कि मानक पूरा नहीं करने वाले विद्यार्थियों को नियमानुसार परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं होगी। हर माह उपस्थिति रजिस्टर में विद्यार्थियों के हस्ताक्षर कराने के निर्देश भी दिए गए।
कुलपति प्रो. अम्बरीश कुमार महाजन ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, शोध और नवाचार विश्वविद्यालय की प्राथमिकता है। उन्होंने शिक्षकों और विभागाध्यक्षों से पारदर्शिता, समयबद्धता और आपसी समन्वय के साथ काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से विश्वविद्यालय को शैक्षणिक उत्कृष्टता के क्षेत्र में अग्रणी संस्थान बनाया जाएगा।
बैठक में कुलसचिव श्री दिनेश चन्द्रा, निदेशक प्रो0 एम0एस0 रावत, संकायाध्यक्ष कला प्रो0 पी0के0 सिंह, संकायाध्यक्ष वाणिज्य प्रो0 वी0पी0 श्रीवास्तव, संकायाध्यक्ष विज्ञान प्रो0 एस0पी0 सती, प्रो0 जी0के0 ढींगरा, निदेशक, आई0क्यू0ए0सी0, अधिष्ठाता छात्र कल्याण डाॅ0 हेमलता मिश्रा, मुख्य नियन्ता प्रो0 धर्मेन्द्र तिवारी सहित विश्वविद्यालय के समस्त विभागाध्यक्ष एवं प्राध्यापकगण उपस्थित रहे।




