नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन और त्योहारों की सुरक्षा पर एसएसपी सख्त

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल 10 अक्टूबर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन, विवेचनाओं की गुणवत्ता और आगामी त्योहारों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जनपद के सभी थानाध्यक्षों एवं शाखा प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को कार्यों में जवाबदेही सुनिश्चित करने और लापरवाही से बचने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने नए आपराधिक कानूनों (NCL) से संबंधित डेटा समय से अपडेट रखने तथा ई-साक्ष्य प्रणाली में दर्ज साक्ष्य की पहचान संख्या (SID) को संबंधित एफआईआर से निर्धारित समय-सीमा में लिंक करने के निर्देश दिए।” उन्होंने 60 दिन में निस्तारित होने वाले मामलों में उत्कृष्ट विवेचना करने वाले अधिकारियों की सराहना करते हुए 90 दिन में निस्तारित होने वाले अभियोगों की विवेचना भी समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने संगीन अपराधों के घटनास्थलों से चांस फिंगरप्रिंट सहित वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने तथा अज्ञात शवों की पहचान के लिए फिंगरप्रिंट का नियमानुसार मिलान कराने को कहा। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि वैज्ञानिक साक्ष्य अपराधों के अनावरण और अभियुक्तों की पहचान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
त्योहारों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के निर्देश
आगामी नवरात्र, दशहरा और रामलीला मंचन के मद्देनजर एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को संवेदनशील स्थलों पर निगरानी बढ़ाने, जुलूसों व झांकियों के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा यातायात और भीड़ प्रबंधन दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अग्नि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए तत्पर रहने को कहा।
सोशल मीडिया पर अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं की निगरानी कर तथ्यों की पुष्टि के बाद तत्काल खंडन करने तथा पब्लिक एड्रेस सिस्टम से आमजन तक सही जानकारी पहुंचाने पर भी जोर दिया गया। एसएसपी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ शांति, सुरक्षा और साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने तथा कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!