पंचकर्म इकाई, ओपीडी, साफ-सफाई और चिकित्सा व्यवस्थाओं का लिया जायजा
टिहरी गढ़वाल 11 अक्टूबर । अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने शनिवार को बौराड़ी स्थित जिला आयुर्वेदिक चिकित्सालय और जिला चिकित्सालय का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने चिकित्सालयों के विभिन्न कक्षों, पंचकर्म इकाई, औषधालय और बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
जिला आयुर्वेदिक चिकित्सालय के निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने पंचकर्म इकाई में उपलब्ध सुविधाओं और उपचार की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मरीजों को दी जा रही चिकित्सा सुविधाओं, चिकित्सकों एवं अन्य कार्मिकों की तैनाती तथा उपलब्ध मानव संसाधन की स्थिति भी जानी। इस दौरान उन्होंने संबंधित अभिलेखों और पत्रावलियों का अवलोकन किया।
इसके बाद जिला चिकित्सालय बौराड़ी में उन्होंने विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं और अस्पताल में साफ-सफाई की व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही मरीजों की सुविधा और चिकित्सा सेवाओं के संचालन से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बृजेश डोभाल, वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डॉ. सिद्धि मिश्रा एवं डॉ. सत्यवीर रावत, चिकित्साधिकारी डॉ. कर्ण पाल सिंह एवं डॉ. विनोद रावत, मुख्य फार्मेसी अधिकारी भुवनेश्वर प्रसाद बडोनी एवं मनोज धीरवान सहित अन्य चिकित्सक और कर्मचारी उपस्थित रहे।




