टिहरी गढ़वाल। चंबा-धनोल्टी मार्ग पर ग्राम दुबड़ी के पास 11 अक्टूबर की रात करीब 12:30 बजे एक कार अनियंत्रित होकर 35 से 40 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार तीनों लोग सुरक्षित बच गए और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
पुलिस के अनुसार, चालक राहुल मिश्रा दो दोस्तों के साथ धनोल्टी जा रहे थे। रास्ते की स्थिति खराब होने पर वे लौट रहे थे, तभी अचानक जंगली जानवर के सामने आने से कार अनियंत्रित हो गई। कार पहाड़ी से नीचे खेतों तक जा पहुंची और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद तीनों लोग सामान लेकर कैब से देहरादून चले गए। सोमवार सुबह कुमाल्ड़ा पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर उनसे जानकारी ली और कार स्वामी को सूचना दी।




