सड़क मरम्मत कार्यों में गुणवत्ता व मानकों के साथ समयसीमा का पालन करने के निर्देश
टिहरी गढ़वाल 12 अक्टूबर, 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में प्रदेशभर में सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने नरेंद्रनगर क्षेत्रांतर्गत नरेंद्रनगर-गुजराड़ा मोटर मार्ग व नरेंद्रनगर बाजार स्थित मोटर मार्ग पर लोक निर्माण विभाग नरेंद्रनगर द्वारा सड़कों को गड्ढा मुक्त करने हेतु किए जा रहे कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर कार्य की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने संबंधित कार्यदाई संस्था को सड़क के गड्ढों को निर्धारित मानकों के अनुरूप भरने तथा मरम्मत कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गड्ढों को भरते समय संबंधित सड़क की स्थिति के अनुसार आवश्यक प्रक्रिया अपनाई जाए, ताकि मरम्मत कार्य टिकाऊ रहे और सड़क पर दोबारा गड्ढे बनने की संभावना न रहे।
उन्होंने कार्य में प्रयुक्त होने वाली निर्माण सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, मरम्मत कार्य को व्यवस्थित ढंग से पूरा करने तथा कार्यस्थल पर सड़क सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम बनाए रखने के निर्देश भी दिए। साथ ही, सड़क मरम्मत के कार्यों में तेजी लाते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने को कहा, ताकि आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
अपर जिलाधिकारी ने कार्यदाई संस्था से संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र की सड़कों का नियमित निरीक्षण कर गड्ढों को चिह्नित किया जाए और प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कार्य कराया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क मरम्मत में लापरवाही न बरती जाए तथा कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।




